नोएडा (हि.स.)। नोएडा प्राधिकरण ने गुरुवार को वेस्ट प्लास्टिक से सड़क बनाने का काम शुरू किया गया। इस प्रयोग से बेकार प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण से निजात तो मिलेगी ही, साथ ही उसका सदुपयोग भी किया जा सकेगा।नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने गुरुवार को इस परियोजना की शुरुआत की। नोएडा में पहले चरण में 500 मीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। जिसमें 35 मीट्रिक टन प्लास्टिक वेस्ट का प्रयोग किया जा रहा है। यह काम भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन के सहयोग से नोएडा विकास प्राधिकरण कर रहा है। नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने बताया कि ’स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट मॉड्यूल का प्रयोग किया जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पहले चरण में 500 मीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। इसके लिए भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन के साथ एक एग्रीमेंट किया गया है। इस एग्रीमेंट के तहत नोएडा में सेक्टर-129 के सामने ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के समांतर यह सड़क बनाई जा रही है। त्यागी ने कहा कि इस सड़क की चैड़ाई 45 मीटर है और अभी 500 मीटर लंबी सड़क का निर्माण प्लास्टिक वेस्ट से किया जा रहा है। पहले चरण में कुल 6000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में प्लास्टिक वेस्ट का उपयोग करके सड़क बनाई जाएगी। आने वाले दिनों में शहर की दूसरी सड़कों का निर्माण भी इस तरह किया जाएगा। महाप्रबंधक ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन ने 450 गुणा 450 मिलीमीटर साइज के प्लास्टिक मॉड्यूल शीट उपलब्ध करवाया हैं।
