Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनोएडा और ताजमहल की सुरक्षा होगी एटीएस कमांडो के हाथ

नोएडा और ताजमहल की सुरक्षा होगी एटीएस कमांडो के हाथ

-तैनात होंगे स्पॉट टीम के 120 कमांडों
नोएडा । यूपी में तेजी से विकसित हो रही औद्योगिक नगरी नोएडा और आगरा में ताजमहल की सुरक्षा अब एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) के हाथों में होगी किसी भी तरह का आतंकवादी हमला होने पर सबसे पहले एटीएस ही मौके पर पहुंचेगी। इसके लिए नोएडा और आगरा में एटीएस की स्पॉट टीम तैनात करने को एक प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है। एक स्पॉट टीम में 60 कमांडो होते हैं। अभी तक यूपी के सिर्फ चार शहरों में ही एटीएस की स्पॉट टीम काम कर रहीं थी। लेकिन अब आगरा, नोएडा के साथ ही 5 और शहरों में एटीएस की स्पॉट टीम तैनात करने की तैयारी चल रही है।
मालूम हो कि यूपी सरकार ने कुछ दिन पहले ही गौतम बुद्ध नगर में एटीएस का मुख्यालय और ट्रेनिंग सेंटर बनाए जाने को मंजूरी दी है। मुख्यालय के लिए यमुना अथॉरिटी ने एटीएस के लिए 12770 वर्गमीटर जमीन का आवंटन भी कर दिया है। यह मुख्यालय यमुना अथॉरिटी के सेक्टर-32 में बनेगा।
जानकारों की मानें तो सूबे में अभी तक एटीएस कमांडो की 4 स्पॉट टीम लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या और गाजियाबाद में तैनात हैं। लेकिन सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए सरकार ने आगरा, नोएडा, बनारस और इंडो-नेपाल बॉर्डर समेत 5 जगहों पर एटीएस कमांडो तैनात करने का फैसला लिया है। इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार किया गया है। आगरा में ताजमहल खासी अहमियत रखता है तो वहां भी स्पॉट टीम तैनात करने का फैसला लिया गया है। अगर दिल्ली-एनसीआर से सटे यूपी के शहरों की बात करें तो गाजियाबाद में पहले से ही एटीएस की टीम मौजूद है। अब नोएडा के लिए भी रास्ता खुल गया है।
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एटीएस का हैडक्वार्टर और ट्रेनिंग सेंटर तो बन ही रहा है, साल में अब एटीएस की स्पॉट टीम भी तैनात होने जा रही है। जेवर एयरपोर्ट को दोनों का बड़ा लाभ मिलेगा। एक तरह से एयरपोर्ट पर एटीएस की 24 घंटे निगाह बनी रहेगी। साथ ही अगर यूपी में कहीं भी कोई बड़ी या छोटी आतंकवादी घटना घटती है तो यहां से कमांडो दस्ते को जाने में आसानी होगी। जेवर एयरपोर्ट पास में होने के चलते चॉपर या स्पेशल प्लेन के साथ जल्द से जल्द उड़ान भर सकेंगे। दूसरा यह कि अगर भविष्य में जेवर एयरपोर्ट पर भी कोई आंतकवादी हमला होता है तो पास में ही एटीएस कमांडों का हैडक्वार्टर और स्पॉट टीम होने के चलते जल्दी ही मदद मिल जाएगी। इसी को देखते हुए जेवर एयरपोर्ट के नजदीक ही एटीएस का हैडक्वार्टर बनाने का फैसला किया गया है। एटीएस का हैडक्वार्टर यमुना अथॉरिटी के सेक्टर-32 में फैसिलिटी सेंटर एफ-6 पर बनेगा। यह जेवर एयरपोर्ट के बेहद नजदीक है। मालूम हो कि एटीएस के कमांडो को हैडक्वार्टर और ट्रेनिंग सेंटर परिसर में ही परिवार के साथ रहने के लिए आवास भी दिए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular