Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण में लायी जाए तेजीः योगी आदित्यनाथ

नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण में लायी जाए तेजीः योगी आदित्यनाथ

-कहा, अन्तर्विभागीय समन्वय के साथ हो कार्य, एनओसी देने वाले विभाग अविलम्ब कार्यवाही करें
-इण्टरनेशनल एयरपोर्ट के क्षेत्र में पड़ने वाली अपनी परिसम्पत्तियों को प्राथमिकता पर दूसरी जगह करें स्थापित 
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण की कार्यवाही को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि सभी सम्बन्धित विभाग नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट की स्थापना के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय के साथ कार्य करें। एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जिन विभागों द्वारा एनओसी आदि दी जानी है, वह इस सम्बन्ध में अविलम्ब कार्यवाही सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश शनिवार को यहां अपने सरकारी आवास पर नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के सम्बन्ध में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में दिये। उन्होंने कहा कि विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, बेसिक शिक्षा, महिला, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा वन विभाग आदि नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट के क्षेत्र में पड़ने वाली अपनी परिसम्पत्तियों को प्राथमिकता पर अन्यत्र स्थापित करने की कार्यवाही करें। इससे जहां एक ओर परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर जनता को भी सम्बन्धित विभाग की सेवाएं सुचारू ढंग से मिलती रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के आर्थिक विकास एवं समृद्धि के लिए विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण की गति बढ़ाना आवश्यक है। इसके लिए समन्वित प्रयास किये जाने चाहिए। वाणिज्यिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने में बेहतर कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना उत्तर प्रदेश को देश में अग्रणी बनाने में सहायक होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular