गोवा (हि.स.)। जीत की चौकड़ी लगाकर जमशेदपुर एफसी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 में अपने पहले सेमीफाइनल खेलने के और भी करीब आ गई है। स्थानापन्न स्ट्राइकर जॉर्डन मरे के निर्णायक गोल की मदद से जमशेदपुर ने शुक्रवार रात को फतोर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए लीग मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 3-2 से हरा दिया। जमशेदपुर के लेफ्ट-बैक रिकी लल्लवमावमा को शानदार डिफेंडिंग के लिए हीरो ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।
अपनी दसवी जीत से जमशेदपुर 17 मैचों में 34 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर बरकरार है और वो सेमीफाइनल में पहुंचने से महज एक अंक की दूरी पर आ गई है। कोच ओवेन कोयल की टीम ने दस मैच जीते हैं और चार ड्रा खेले हैं। वहीं, अपनी 12वीं हार के बाद नॉर्थईस्ट यूनाइटेड दसवें स्थान पर बनी हुई है। कोच खालिद जमील की टीम 19 मैचों से 13 अंक जुटा सकी है।
मैच का पहला गोल 35वें मिनट में आया, जब मिडफील्डर लेन डोंगेल के हैडर से जमशेदपुर एफसी को 1-0 की बढ़त मिल गई। बाएं फ्लैंक पर रिकी लल्लवमावमा ने थ्रो-इन पर गेंद मोबाशीर रहमान को फेंकी, जिस पर मोबाशीर ने क्रॉस डालकर गेंद को सेकेंड पोस्ट की तरफ फ्लोट कराया, जहां मौजूद लेन ने हैडर करके गेंद को नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के गोलकीपर मिरशाद मिचु के आगे से गोलपोस्ट की तरफ धकेल दिया।
59वें मिनट में ग्रेग स्टीवर्ट ने बेहतरीन फिनिशिंग करके जमशेदपुर की बढ़त को 2-0 कर दिया। हाफ लाइन के करीब मिले थ्रो-इन पर मोबाशीर रहमान ने साइड लाइन के समानांतर गेंद आगे की ओर फेंकी और स्कॉटिस फॉरवर्ड ने हाईलैंडर्स के ऑफ साइड ट्रैप को चकमा देते हुए तेजी से आगे की ओर रन बनाया और फिर गेंद लेकर दाहिने की तरफ से बॉक्स के अंदर घुस गए। फिर ग्रेग ने गोलकीपर मिचु के आगे से बाएं पैर से हल्का से चिप करके गेंद को गोलजाल में उलझा दिया। स्टीवर्ट का यह इस सीजन में दसवां गोल था।
66वें मिनट में स्थानपन्न फॉरवर्ड लालदानमाविआ राल्टे के गोल से नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने अंतर को कुछ कम करते हुए स्कोर 1-2 कर दिया। लालदानमाविआ ने रिबाउंड पर राइट फुटर शॉट से गेंद को गोलजाल में उलझाकर यह गोल किया। पहला प्रयास मार्सेलिन्हो ने बॉक्स के बाहर से ताकतवर लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर किया था, जिसे जमशेदपुर के गोलकीपर टीपी रेहेनेश सही ढंग से लपक नहीं सके और गेंद पहुंची थी लालदानमाविआ के पास, जिन्होंने कोई गलती नहीं की। 67वें मिनट में स्थानापन्न ब्राजीली स्ट्राइकर मार्सेलिन्हो ने नॉर्थईस्ट को 2-2 की बराबरी दिला दी। प्रज्ञान गोगोई के थ्रू-पास पर मार्सेलिन्हो तेजी से गेंद लेकर दौड़े और पहले अपने साथ लगे मिडफील्डर प्रणय हल्दर को पीछे छोड़ा और फिर बॉक्स के अंदर घुसते ही अपने आगे आए गोलकीपर रेहेनेश को छकाने के बाद गेंद को बाएं पैर से गोलपोस्ट की तरफ सरका दिया। 84वें मिनट में स्थानापन्न ऑस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड जॉर्डन मरे ने बेहतरीन गोल करके जमशेदपुर को फिर से आगे करते हुए स्कोर 3-2 कर दिया। ग्रेग स्टीवर्ट ने बॉक्स के बाहर से बेहतरीन चिप पास आगे की तरफ खिलाया, जिसे मरे ने हवा में उछलते हुए अपने दाहिने पैर से गेंद को सेकेंड पोस्ट की दिशा दिखा दी जबकि गोलकीपर मिचु बेबस गेंद को देखते रह गए।
इस परिणाम के बाद इस सीजन में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों में दबदबा जमशेदपुर का रहा। क्योंकि पिछली बार पहले चरण में जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, तो जमशेदपुर 3-2 से जीती थी।
सुनील
