कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद के मूसानगर ब्लॉक के अखण्ड परमधाम में बने शिव सागर तालाब का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण नैरोलैक कम्पनी द्वारा करवाया जाएगा। इस कार्य का शिलान्यास उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कर दिया है।
नैरोलैक कम्पनी के नैरोलैक पेंट्स विभाग के प्लांट हेड गौरव सिन्हा ने हिन्दुस्थान समाचार से खास बातचीत में बताया कि गुरुवार को जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का जनपद कानपुर देहात आगमन हुआ था, जहां उन्होंने क्षेत्र की मूसानगर ब्लॉक के अखंड परमधाम स्थित शिव सागर तालाब का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य जनपद में स्थापित कंसाई नैरोलैक पेंट्स लिमिटेड कंपनी द्वारा सीएसआर के अंतर्गत कराए जाने का शिलान्यास किया गया है। इस कार्य में लगने वाली लागत लगभग 55 लाख रुपये है। कार्यक्रम में साध्वी निरंजन ज्योति कैबिनेट मंत्री भारत सरकार की गरिमामय उपस्थिति रही।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री को कंपनी द्वारा सीएसआर के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों से संबंधित पुस्तिका प्रस्तुत की एवं उन्हें कम्पनी के जनहित में कराए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया गया। इस पर उन्होंने खुशी जाहिर की।
कम्पनी के सतेन्द्र सिंह ने बताया कि नैरोलैक लगातार जनपद में जिला प्रशासन का हर स्तर पर सम्भव मदद करती आ रही है। कम्पनी जिले को बढ़ाने के लिए और उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे भी बढ़-बढ़ कर हिस्सा लेगी। इस दौरान ललित शर्मा एवं रोशन गिरी उपस्थित रहे।
अवनीश
