Saturday, March 7, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयनैंसी पेलोसी की यात्रा: ताइवान पर साइबर हमला, चीन ने भेजे युद्धक...

नैंसी पेलोसी की यात्रा: ताइवान पर साइबर हमला, चीन ने भेजे युद्धक विमान

ताइपे (हि.स.)। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा को लेकर घमासान बढ़ गया है। ताइवान पर साइबर हमला कर वहां के राष्ट्रपति की आधिकारिक वेबसाइट हैक कर ली गयी है। चीन ने ताइवान के नजदीक अपने युद्धक विमान भी भेज दिये हैं।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी एशियाई देशों की यात्रा पर हैं। मंगलवार को उनका विशेष सैन्य विमान सी-40सी जैसे-जैसे ताइवान की ओर बढ़ रहा था, चीन की सक्रियता भी बढ़ती रही। नैंसी पेलोसी के पहुंचने से पहले ही ताइवान पर एक बड़ा साइबर हमला किया गया। ताइवान के राष्ट्रपति साई इंग वेन की आधिकारिक वेबसाइट हैक कर ली गयी। उक्त साइट खोलने पर पहली स्क्रीन पर सिर्फ ओके लिखकर आ रहा था। अन्य सरकारी वेबसाइट्स भी हैक हो चुकी थीं। उनका यूआरएल लिखने पर स्क्रीन पर एरर दिख रही थी। इसे चीनी हैकर्स की करामात माना जा रहा है।

इस बीच चीन का आक्रोश मुखर रूप से भी सामने आया है। पहले चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अमेरिका को फिर चेतावनी दी है कि यदि पेलोसी ताइवान पहुंचीं तो पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) चुपचाप नहीं बैठेगी। चीन ने इस संबंध में अमेरिका को कड़ा विरोध पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका गलत रास्ते पर अडिग रहा तो हम अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की खातिर कड़े कदम उठाएंगे। इसके बाद भी जब नैंसी पेलोसी के ताइवान पहुंचने की जानकारी मिली तो चीन ने अपने चार युद्धक विमान ताइवान के नजदीक भेज दिए। ऐसे में चीन के हमले की आशंका देखते हुए ताइवान ने भी अपनी सुरक्षा प्रणाली को सक्रिय कर दिया है।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular