Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेश नेशनल हाईवे-58 पर उमड़ा केसरिया सैलाब, व्यवस्था में जुटे अधिकारी

 नेशनल हाईवे-58 पर उमड़ा केसरिया सैलाब, व्यवस्था में जुटे अधिकारी

मेरठ (हि.स.)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। नेशनल हाईवे-58 पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ने लगा है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली को जाने वाली विशाल कांवड़ भी दिखाई दे रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में जुटे हैं।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगी है। नेशनल हाईवे-58, गंगनहर कांवड़ मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़ियां गुजर रहे हैं। अभी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के दूरदराज के जिलों को जाने वाले कांवड़ियों की टोलियां गुजरने लगी है। इनमें छोटी कांवड़ से लेकर बड़ी कांवड़, झांकियां हाईवे से गुजर रही है। भारी बारिश के बीच बोल बम, हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए केसरियां सैलाब को देखने के लिए लोग भी हाईवे पर उमड़ रहे हैं। कांवड़ियों में बच्चे, जवान, महिला, बूढ़े सभी भगवान शिव शंकर का जयकारा लगा रहे हैं।

कलश कांवड़ इस बार बनी पहली पसंद

इस वर्ष की कांवड़ यात्रा में अलग रंग नजर आ रहे हैं। पिछले कई वर्षों से तिरंगा लेकर गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या अधिक थी तो इस बार कलश में गंगाजल लेकर गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या बहुत ज्यादा है। इसमें भी युवाओं में भारी-भरकम कलश में 100 लीटर से अधिक गंगाजल लेकर चलने का क्रेज बहुत है। इन भारी-भरकम कलश लेकर चलने वाले कांवड़ियों की सहायता के लिए कई युवा साथ भी चल रहे हैं।

कांवड़ियों की सेवा में कांवड़ शिविर शुरू

कांवड़ियों की सेवा करने के लिए कांवड़ शिविर शुरू हो रहे हैं। मोदीपुरम, कंकरखेड़ा, रोहटा रोड बागपत, बागपत रोड बाईपास, दिल्ली रोड, मेरठ शहर में जीरो माइल चौराहा, परतापुर में कांवड़ शिविर शुरू हो गए हैं। इन शिविरों में कांवड़ियों की सेवा करने में प्रत्येक वर्ग के लोग शामिल है।

जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ शशांक चौधरी समेत तमाम अधिकारी कांवड़ यात्रा की व्यवस्था बनाने के लिए हाईवे पर उतरे हुए हैं। मंगलवार दोपहर बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोदीपुरम में पैदल चलकर कांवड़ यात्रा का जायजा लिया। इस दौरान यातायात को नियंत्रित करने और कांवड़ शिविरों की भी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए।

कुलदीप/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular