बलिया (हि.स.)। समाजवादी पार्टी(सपा) के कद्दावर नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी सोमवार यानी सात फरवरी को बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह जानकारी समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने दी है।
बताया कि 362 बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, जनवादी पार्टी, अपना दल कमेरावादी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और जस्टिस पार्टी आदि गठबंधन में सम्मलित अन्य पार्टियों के संयुक्त प्रत्याशी के रूप में श्री चौधरी हर बार की तरह इस बार भी बलिया नगर के जगदीशपुर पानी टंकी स्थित अपने आवास से चलकर जिलाधिकारी कार्यालय बलिया पर पहुंचेंगे।
कान्हजी ने कहा कि नामांकन कार्यक्रम पूर्ण रूप से चुनाव आयोग के निर्देशानुसार एवं कोविड गाइडलाइंस के अंतर्गत होगा। जिसमें विधानसभा क्षेत्र बांसडीह के प्रमुख नेतागण और कार्यकर्तागण भाग लेंगे।
रामगोविन्द चौधरी वर्तमान में आठवीं बार विधायक हैं। नौवीं बार विधायक बनने के लिए चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे। अभी तक उनके सामने भाजपा की ओर से प्रत्याशी नहीं दिया गया। जिसका सभी को इंतजार है।
पंकज
