Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने लिया अन्न संकल्प, बोले, सरकार बनने पर...

नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने लिया अन्न संकल्प, बोले, सरकार बनने पर सभी फसलों की एमएसपी देंगे

बलिया (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के तर्ज पर विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रामगोविन्द चौधरी ने मंगलवार को अन्न संकल्प लिया। अपने आवास पर जुटे सपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने का भी संकल्प लिया।

इस अवसर पर रामगोविन्द चौधरी ने पार्टी के सभी नेताओं और किसानों से अपील किया कि वे सब अन्न संकल्प लें कि किसानों पर अत्याचार और अन्याय करने वाली भाजपा सरकार को हटाएं और हराएंगे। रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जो तीन काले कानून किसानों पर थोपे थे, उससे खेती बर्बाद हो जाती। आंदोलन के दौरान किसान शहीद हुए, उनकी जान गई और झूठे मुकदमे लगे लेकिन किसान पीछे नहीं हटे। अंततः वोट के लिए भाजपा ने काले कानून वापस ले लिए। श्री चौधरी ने कहा कि जो कल तक काले कानूनों के पक्ष में थे, वही अब कह रहे हैं कि किसान हित में कानून वापस लिए गए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर सभी फसलों की एमएसपी दी जाएगी और गन्ना किसानों का 15 दिन में भुगतान कराया जाएगा। उसके लिए सरकार एक रिवाॅल्विंग फंड बनाएगी। साथ ही 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त और किसानों की सिंचाई पूरी तरह से मुफ्त करेंगे।

भाजपा ने सिर्फ झूठे वादे ही नहीं किये बल्कि मां गंगा से भी झूठ बोल नदियों की सफाई नहीं किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घोषणा किया है कि सपा सरकार बनने पर प्रदेश के सभी नदियों की सफाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर लगाए गए मुकदमों को वापस लिया जाएगा। जिन किसानों की जान गई है उनके परिजनों को 25-25 लाख रुपए देकर मदद की जाएगी। किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे सभी अन्न संकल्प से जुड़ें और भाजपा को हटाने और हराने में जुटें।

इस अवसर पर भगवती चौबे, रामेश्वर पासवान, मुन्नू प्रधान, परमेश्वर पासवान, श्रीप्रकाश पटेल अशोक यादव, विश्राम चौधरी, लल्लन बैशाखी, राकेश यादव, शिवजी राजभर, रोहित यादव, छोटक राजभर, संजय बागी, अजय भारती, राहुल पासवान, धर्मेंद्र भारती, गोलू भारती, बेचू खरवार और सुनील प्रजापति आदि थे। अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष रमेश चन्द्र साहनी और संचालन जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने किया।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular