-वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने भेजी रिपोर्ट,सम्बंधित जिलों के अफसरों से मांगा सहयोग
वाराणसी (हि.स.)। नीट सॉल्वर गैंग मामले में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने घेरा कस दिया है। सॉल्वर गिरोह के संपर्क में आये 16 कैंडिडेट्स के बारे में संबंधित जिलों के पुलिस कमिश्नर या एसएसपी को वाराणसी पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने पत्र भेजा है। पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिस अधिकारियों को पत्र के जरिये पूरे मामले से अवगत करा जांच में सहयोग की अपील की है। जिन पुलिस अफसरों को पत्र लिखा गया है, उनमें पुलिस कमिश्नर लखनऊ,एसपी सोनभद्र,एसएसपी झांसी,एसएसपी पटना,एसएसपी मधेपुरा,एसएसपी भोजपुर,एसएसपी धलई त्रिपुरा,एसएसपी साउथ त्रिपुरा है। पुलिस कमिश्नर ने बुधवार को बताया कि अब मेडिकल कालेजों में सीट खरीदना आसान नहीं रहेगा। 16 जगहों पर मुन्ना भाइयों/बहनों के द्वारा परीक्षा दिये गये होने के संकेत पर ये कार्यवाही हो रही है। इस केस के विवेचक ने पहले ही सभी 16 कैंडिडेट्स को सफीना की नोटिस जारी कर दी है। इस बाबत 15 नवंबर तक अपना पक्ष रखने का अवसर सभी पकड़े गए अभ्यर्थियों को दी गई है।
वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यदि अभ्यर्थी अपना जवाब देने नहीं आते तब न्यायालय के माध्यम से अग्रिम कार्यवाही की जाएगी और उन्हें कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में शामिल करना पड़ेगा। इन 16 कैंडिडेट्स के फिंगर प्रिंट भी मिलान के लिए कैप्चर किए जाएंगे, जिन्हें स्टेट एफपीबी लखनऊ परीक्षण के लिए भेज जायेगा। उन्होंने बताया कि गैंग के सरगना पीके के खिलाफ न्यायालय ने एनबीडब्ल्यू भी जारी कर रखा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी पुलिस का प्रयास लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नर ने एडीसीपी,एसीपी,थाना प्रभारी सारनाथ एवं केस के विवेचक को बुलाकर स्वयं केस के प्रगति की समीक्षा की ।
