लखनऊ (हि.स.)। आईएएस और पीसीएस (प्रारम्भिक) परीक्षा-2023 के पूर्व अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिये नि:शुल्क कोचिंग के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
निदेशक समाज कल्याण राकेश कुमार ने बुधवार को यह बताया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि 18 दिसम्बर निर्धारित की गयी है। प्रवेश परीक्षा में सामान्य अध्ययन के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जायेंगे। अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के प्राप्तांकों के मेरिट के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट www.socialwelfareup.upsdc.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं।
इस संबंध में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरूण ने जारी अपने बयान में कहा कि जरूरतमंद प्रतिभागियों को अवसर की समानता देने के लिए नि:शुल्क कोचिंग संचालित किया जा रहा है। कोचिंग के स्तर में निरंतर सुधार हुआ है, जिसकी वजह से पीसीएस-2021 के फ़ाइनल रिज़ल्ट में रिकॉर्ड 43 अभ्यर्थी चयनित हुए। कोचिंग के स्तर पर और सुधार किए जा रहे हैं और अच्छे शिक्षक भी आबद्ध किए जा रहे हैं।
दीपक
