Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश निवेश और मैन पावर के सदुपयोग से यूपी बनेगा सक्षम प्रदेश :...

 निवेश और मैन पावर के सदुपयोग से यूपी बनेगा सक्षम प्रदेश : अनिल राजभर

मऊ (हि.स.)। वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश निवेश के क्षेत्र में देश में 12वें स्थान पर था। वहीं अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में उप्र निवेश की दृष्टिकोण से देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। आने वाले एक साल में हम पहले ही स्थान पर नहीं पहुंचेंगे, बल्कि “सक्षम उत्तर प्रदेश” बन सकेगा। यह बातें शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान श्रम एवं सेवायोजन मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कही।

उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के बाद दुनिया में यूपी सरकार के प्रयास की सराहना ही नहीं हुई बल्कि हमने 10 लाख करोड़ रुपये के सापेक्ष में 32.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव लाने में सफल रहे। यूपी की छवि बदलने का काम हमारी सरकार ने किया है, लिहाजा निवेशकों की भीड़ बढ़ गई।

जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि अकेले पूर्वांचल में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जबकि प्रदेश का सबसे पिछड़ा क्षेत्र माना जाने वाला बुंदेलखंड में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव आया है। वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, झांसी इत्यादि जनपदों में भी व्यापक पैमाने पर निवेश का प्रस्ताव आया है जो अपने आप में काफी गौरवशाली रहा है।

मंत्री ने निवेश के प्रस्ताव को धरातल पर उतारने के क्रम में बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर छह माह में निवेश को धरातल पर उतारने के गतिविधियों को देखेंगे। इसके साथ ही निवेशकों के सभी समस्याओं का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने इन्वेस्टर समिट की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री को देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि “देश के विकास की गाड़ी का इंजन बनेगा उत्तर प्रदेश”। इसे हमने “सिद्धांत वाक्य” के रूप में प्रयोग किया, जिसका फल यह रहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेशकों को अपने यहां लाने में काफी हद तक सफल रहा है।

उन्होंने बताया कि यह केवल बड़े उद्योगों के लिए ही नहीं बल्कि उप्र सरकार इसके माध्यम से आमजन को जोड़ने की योजना है। आगामी 22 फरवरी को जो बजट प्रस्तुत होगा निश्चित रूप से विकसित भारत के ग्रोथ इंजन का प्रस्तुतीकरण होगा। उन्होंने विपक्षियों पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को विफल करने का प्रयास किया जो काफी निंदनीय रहा। विपक्ष सरकार की योजनाओं से हताश है। हालांकि उन्होंने निवेशकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि लाख दुष्प्रचार के बावजूद उत्तर प्रदेश काफी तेजी से सक्षम उत्तर प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।

वेद नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular