Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेश निवेशकों से व्यक्तिगत संपर्क और संवाद कर इन्वेस्टमेंट इको सिस्टम को बेहतरीन...

 निवेशकों से व्यक्तिगत संपर्क और संवाद कर इन्वेस्टमेंट इको सिस्टम को बेहतरीन बनाने में जुटे नन्दी

– औद्योगिक मंत्री नन्द गोपाल नन्दी ने कहा, ‘दिस इज इंडियन स्टाइल’ और एक दिन में हो गया काम

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास को अपनी प्राथमिकता बनाया है। सरकार की यह प्राथिमकता ग्लोबल इन्वेस्टर समिट, इंटरनेशनल ट्रेड शो और मोटोजीपी जैसे वैश्विक आयोजनों में स्पष्ट दिखती है।

प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी लगातार सक्रिय रहकर निवेशकों से व्यक्तिगत संपर्क और संवाद करके उनकी समस्याओं के समाधान और इन्वेस्टमेंट इकोसिस्टम को बेहतरीन बनाने में जुटे हुए हैं। ग्रेटर नोएडा में सरकार और इन्वेस्टर्स के बीच फ्रेंडली कोऑपरेशन का एक मजेदार वाकया सामने आया है।

औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ग्रेटर नोएडा के अधिकारियों के साथ विकास और निवेश परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक करने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। बैठक के बाद अचानक बिना तय कार्यक्रम के अधिकारियों को लेकर साइट विजिट के लिए निकल पड़े। मंत्री नन्दी इकोटेक 10 स्थित कोरियन कम्पनी ड्रीमटेक इंडिया के प्लांट पहुंचे। उनके साथ प्रमुख सचिव अनिल सागर, ग्रेनो के सीईओ एनजी रवि, एसीईओ अमनदीप डुली समेत दर्जनों अधिकारी मौजूद थे।

मंत्री ने कोरियन कम्पनी के अधिकारियों से बातचीत की और उनके प्रोजेक्ट के बारे में पूछा। प्लांट कम्प्लीट होने की अवधि के बारे में पूछने पर एसीईओ ने बताया कि लगभग 06 महीने में कार्य पूर्ण हो जायेगा। इस पर कोरियन कम्पनी की महिला अधिकारी ने कहा कि हम इसे 03 महीने में ही पूरा कर लेंगे, “दिस इज कोरियन स्टाइल।”

मंत्री द्वारा किसी समस्या के बारे में पूछने पर महिला अधिकारी ने बताया कि इस प्लांट के एक हिस्से में 25 पेड़ों को काटने की अनुमति चाहते हैं, जो कि काफी समय से लंबित है।

इस पर मंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर और जिला वन अधिकारी से बात कर एक दिन में अनुमति दिलाने के निर्देश दिए। फिर उस महिला अधिकारी से कहा कि “यू विल गेट परमिशन बाई टुमारो। दिस इज इंडियन स्टाइल।” इस पर वहां मौजूद सभी लोग मुस्कुराने लगे।

इसके अगले ही दिन पेड़ काटने की आवश्यक अनुमति के आदेश जारी हो गए। यह मंत्री के कमिटमेंट का ही परिणाम रहा कि और इसके लिए कोरियन कम्पनी ने मंत्री नन्दी के प्रति आभार व्यक्त किया।

मंत्री नन्दी ने कहा कि निवेशकों का हित और उनकी सहूलियत मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी सरकार हर कदम पर निवेशकों के सहयोग के लिए तत्पर हैं। हम अपनी इसी कार्यशैली और प्रतिबद्धता से निवेशकों का भरोसा और विश्वास जीतने में सफल हुए हैं।

मोहित/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular