Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनिर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए -जिलाधिकारी

निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए -जिलाधिकारी

-नामांकन समय से और निर्वाचन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं अफसर

वाराणसी(हि.स.)। नगर निकाय चुनाव में मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन प्रकिया के पहले दिन जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम ने नगर निगम के ज़ोनल कार्यालयों का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी सबसे पहले आदमपुर ज़ोनल कार्यालय पहुंचे। यहां नामांकन कक्षों का उन्होंने निरीक्षण किया तो मौके पर कई कार्मिक अनुपस्थित पाये गये। जिसे गम्भीरता से लेते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि जो अधिकारी और कर्मचारी पहले दिन अनुपस्थित पाये गये हैं, उनके खिलाफ एफआईआर कराते हुए उनका एक दिन का वेतन रोक दिया जाये।

जिलाधिकारी ने आदमपुर जोनल कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया और जोनल अधिकारी को सभी कैमरे के सामने दीवार घड़ी लगाने का निर्देश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने दशाश्वमेध ज़ोनल कार्यालय पहुंच कर आर.ओ. व ए.आर.ओ. की उपस्थिति की जांच की तो वहां भी कई लोग अनुपस्थित पाए गए । इस पर उन्होंने अनुपस्थित अफसरों का एक दिन का वेतन काटने और उनके खिलाफ एफआईआर कराने का निर्देश दिया।

नामांकन स्थल के अन्दर अनधिकृत लोगों के प्रवेश को कड़ाई से रोकने और किसी प्रकार की असुविधा पैदा न करने की चेतावनी भी दी। इसके पश्चात् डीएम वरुणापार ज़ोनल कार्यालय पहुंचे तो वहां कार्यालय के अन्दर भीड़ देख कर भड़के और खड़े वाहनों को हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने भेलूपुर जोनल कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नामांकन कक्ष में जाने के लिए अलग-अलग रास्ता बैरिकेडिंग करके बनाने का निर्देश दिया।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular