मेरठ (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा दिए जा रहे निःशुल्क राशन का लाभ ले रहे लोगों से कोई वसूली नहीं होगी। मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि निरस्त राशन कार्डधारकों से कोई वसूली नहीं की जाएगी।
प्रदेश सरकार द्वारा निःशुल्क दिए जा रहे राशन को कई अपात्र लोग भी ले रहे हैं। ऐसी शिकायतें शासन तक लगातार पहुंच रही थी। इसके बाद शासन ने राशन कार्डों का सत्यापन कराने का निर्णय लिया है। सत्यापन के दौरान अपात्र मिलने पर लोगों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे। एक ऐसी अफवाह भी फैल रही थी कि राशन कार्ड निरस्त होने के बाद लोगों से अब तक लिए गए राशन की वसूली भी की जाएगी। इसे लेकर मंगलवार को मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने स्थिति को स्पष्ट कर दिया।
उन्होंने बताया कि अपात्र राशन कार्डधारकों के राशन कार्ड अपात्रता की जांच के बाद निरस्त किए जाएंगे। यह एक रूटीन प्रक्रिया है। निरस्त राशन कार्डधारकों से कोई वसूली नहीं की जायेगी। जो राशन कार्ड धारक अपना राशन कार्ड स्वेच्छा से सरेंडर करना चाहते हैं, उनसे भी कोई वसूली नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि राशन कार्डों का सत्यापन किया जा रहा है।
कुलदीप
