Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनियुक्ति पत्र पाते ही लेखपाल को बर्खास्तगी का नोटिस

नियुक्ति पत्र पाते ही लेखपाल को बर्खास्तगी का नोटिस

मंत्री के सामने डीएम से मांगा था नाश्ता, कहा था-आप नाश्ता कर रहे, हमें नहीं मिला

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में नियुक्ति पत्र मिलने के पांच घंटे बाद ही एक लेखपाल को बर्खास्तगी का नोटिस जारी कर दिया गया। नवनियुक्त लेखपाल ने कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति में डीएम से नाश्ता नहीं मिलने की शिकायत की थी। उसने कहा था-आप लोग नाश्ता कर रहे हैं और लेखपालों के लिए कुछ नहीं मंगवाया। ये पक्षपात है। इस पर डीएम मनोज कुमार लेखपाल के व्यवहार से नाराज हो गए। उन्होंने लेखपाल से स्पष्टीकरण मांगते हुए सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया। जानकारी के अनुसार, बुधवार को कलेक्ट्रेट के अटल बिहारी सभागार में जिले के नव नियुक्त लेखपालों को ज्वाइनिंग लेटर देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक और डीएम मनोज कुमार मौजूद थे। महेंद्र समेत 110 लेखपालों को नियुक्ति पत्र दिया गया। महेंद्र को सदर तहसील के रियोनइया क्षेत्र में तैनाती दी गई। नियुक्ति पत्र बांटने के बाद डीएम, केंद्रीय मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि नाश्ता कर रहे थे। इसी बीच महेंद्र उनके पास पहुंचा। उसने कहा कि आप लोग कहते हैं कि निष्पक्ष होकर काम करना है, लेकिन मैं क्यों निष्पक्ष होकर काम करूंगा। आप लोग नाश्ता कर रहे हैं और हम ऐसे ही बैठे हैं। क्या ये पक्षपात नहीं है? इस पर डीएम ने उसे फटकार लगाते हुए कहा कि अनुशासन में रहिए और अपनी जगह जाकर बैठिए। आपका नाश्ता आपकी टेबल तक पहुंच रहा है। केंद्रीय मंत्री के जाने के बाद डीएम ने सदर एसडीएम एसपी वर्मा को लेखपाल महेंद्र से दो दिन में स्पष्टीकरण लेने और संतोषजनक जवाब न मिलने पर बर्खास्त करने के निर्देश दिए। कल शाम पांच बजे एसडीएम ने लेखपाल को नोटिस जारी कर दिया। एसडीएम ने नोटिस जारी कर लेखपाल से दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में यह भी जिक्र है कि दो दिन में लिखित स्पष्टीकरण न मिलने पर यह समझा जाएगा कि आपको इस संबंध में कुछ नहीं कहना है और तदनुसार आपकी सेवा की समाप्ति पर विचार किया जाएगा। इसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

यह भी पढें : 15 गांवों के लेखपालों व RI को चेतावनी

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular