लखनऊ (हि.स.)। दुबग्गा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय निधि गुप्ता को छत से फेंकने और मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने का दावा किया है।
यह मुठभेड़ बरी जंगल के पास हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित जंगल में छिपा हुआ है। उसकी तलाश में जुटी पुलिस की कई टीमों ने क्षेत्र को चारों तरफ से घेरकर आरोपित को आत्मसमपर्ण करने को कहा। इस पर आरोपित ने पुलिस टीम पर फायर झोंका, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया। मौके से पुलिस को तमंचा, बाइक मिली है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर परिवार ने बीते दिनों शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया था। परिवार की मांग थी कि आरोपित को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करे। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिवार शांत हुआ था। गुरुवार को पुलिस कमिश्ररेट की ओर से फरार आरोपित पर 25 हजार का रुपये का इनाम रखा गया था।
दीपक
