Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनिकाय चुनाव में 2024 की नीव रखेगी भाजपा

निकाय चुनाव में 2024 की नीव रखेगी भाजपा

-हर बूथ भाजपा हर घर भाजपा के मंत्र के साथ आगे बढ़ेगी पार्टी

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में ही लोकसभा चुनाव 2024 की नीव रखने जा रही है। पार्टी ने निकाय चुनाव को वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव काे सेमीफाइनल मानकर कार्य करना शुरू कर दिया है। भाजपा ने रविवार को प्रदेश कार्यालय पर राज्य स्तरीय बैठक की है। इसके बाद यह बैठकें अब क्षेत्र, जिला, मण्डल और बूथ स्तर पर होंगी। प्रदेश से लेकर बूथ तक पूरे संगठन में धार दिया जाएगा। ताकि निकाय चुनाव जीतने के साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए सकरात्मक माहौल बन सके।

देश में सबसे अधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं। इस लिहाज से भी देश भर की सियासी पार्टियों की नजर उप्र पर है। भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव में अब तक के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उस चुनाव में भाजपा गठबंधन को 73 सीटें मिलीं थीं। पिछले चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन ने भाजपा को रोकने की कोशिश जरूर की लेकिन फिर भी उसे अकेले 62 सीटों पर जीत मिली। यही वजह है कि भाजपा 2024 में आने वाली किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए अब से ही तैयारी शुरू कर दी है।

पार्टी निकाय चुनाव से पहले निचले स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर फोकस कर रही है। भाजपा इस बार नगर निगम से लेकर, नगर पालिका, नगर पंचायत और यहां तक कि अधिक से अधिक सभासदों की जीत सुनिश्चित कराने की योजना पर काम कर रही है।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर रविवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। प्रदेश कार्यालय पर बैठक के बाद अब भाजपा क्षेत्र व जिला स्तर पर बैठक करेगी। इसके बाद खण्ड व मण्डल स्तर पर पार्टी निकाय चुनाव के संबंध में बैठक करेगी। निकाय चुनाव में पहले ही पार्टी ने भाजपा संगठन के प्रदेश स्तर के नेता सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों की ड्यूटी लगा दी है।

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को काम में लगाना है। उन्होंने कहा है कि मण्डल को मजबूत करने के साथ-साथ, बूथ समिति व पन्ना समिति की संरचना को मजबूत करना है। पन्ना प्रमुखों की भूमिका इस चुनाव में अहम रहने वाली है। पार्टी इस बार समाज के सभी वर्गों का समर्थन हासिल करने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा का फोकस ऐसी सभी सीटों पर है जहां भाजपा की स्थिति कमजोर है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मोदी योगी सरकार के कार्यों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पार्टी निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले हो रहे नगरीय निकाय का चुनाव महत्वपूर्ण है।

बृजनन्दन/दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular