Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाए :...

 निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाए : केशव प्रसाद मौर्य

– उपमुख्यमंत्री ने कहा, कमल खिलाने की जिम्मेदारी आपकी, विकास की जिम्मेदारी हमारी

– पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में उपमुख्यमंत्री ने जनता से वोट कर मांगा समर्थन

औरैया(हि.स.)। नगर निकाय चुनाव में यहां मतदान के लिए सिर्फ सात दिन का समय बचा है। भाजपा कार्यकर्ता सभी कामकाज छोड़कर पार्टी उम्मीदवारों को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए जी-जान से जुट जाएं। यह डबल इंजन की सरकार है। निकाय चुनाव में कमल खिलाकर इसे ट्रिपल इंजन की सरकार बना दीजिए। चुनाव में कमल खिलाने की जिम्मेदारी आपकी, विकास की जिम्मेदारी हमारी।

यह बातें सपा-बसपा को निशाना बनाते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की सरकारें जातिवाद, परिवारवाद और अपने लिए कार्य करती रहीं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सबके विकास के लिए कार्य कर रही है। सपा, बसपा, कांग्रेस आदि की सरकारें लूटने, मारपीट करने, आदि का काम करती रहीं। ये सरकारें लूटेंगी, मारेंगी, कानून व्यवस्था को भंग कर देंगी। इसलिए एक-एक वोट को भाजपा में डालकर हमें ट्रिपल इंजन वाली सरकार का कमल का फूल खिलाना है। यदि आप वोट डालने नहीं जाओगे तो गलत आदमी जीत सकता है। इसलिए सारे काम छोड़कर वोट डालने जरूर जाएं और कमल को वोट देकर ऐतिहासिक विजय दिलाएं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जो भाजपा से किनारा करके निर्दलीय या अन्य तरीकों से चुनाव मैदान में उतरे हैं, उनके खिलाफ पार्टी की नीतियों के अनुसार कार्यवाही की जायेगी। इस दौरान उन्होंने बताया कि सौ में से साठ प्रतिशत तो हमारा (भाजपा) का है ही। बाकी में भी भाजपा की हिस्सेदारी है। क्योंकि भाजपा सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं से पूरे प्रदेश और देश की प्रत्येक जनता को समान रूप से लाभ दिलाया गया है।

केशव प्रसाद मौर्य ने अपील की कि जनपद की नगरपालिका व नगर पंचायत के अध्यक्ष पदों सहित पार्षद के सभी पदों पर उतरे भाजपा उम्मीदवारों को ऐतिहासिक जीत दिलाने का कार्य करना है। जीत के बाद पुनः आपके जनपद में आकर विकास की गंगा बहायेंगें।

इस दौरान सांसद रामशंकर कठेरिया, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय, प्रदेश मंत्री भाजयुमो सौरभ भूषण शर्मा, चुनाव प्रभारी श्रीकांत पाठक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर, पूर्व चेयरमैन रानी पोरवाल, भाजपा उम्मीदवार आशा चक, रिचा राजपूत, जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्र, आशाराम राजपूत, यशवीर सिकरवार, मनोरमा, गीता गुप्ता आदि मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक चौबंद

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जनपद आगमन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। बुधवार को सुबह से ही अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर सिंह कुशवाहा, उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, तहसीलदार हरिश्चंद्र, नायाब तहसीलदार अभिनव वर्मा, सदर सीओ प्रदीप कुमार, विधूना सीओ महेंद्र प्रताप सिंह, अजीतमल सीओ भरत पासवान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्र, अछल्दा थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, दिबियापुर थानाध्यक्ष आरके रस्तोगी, विधूना कोतवाली प्रभारी रामसहाय पटेल आदि बाबरपुर कस्बा स्थित उपमंडी समिति में बनाए हेलीपैड के आसपास से लेकर जनसभा स्थल त्रिवेदी गेस्ट हाउस तक पैनी नजरों रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहें। वहीं जिलाधिकारी पी0 सी0 श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था परखी।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular