Thursday, March 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनिकाय चुनाव के रण में उतरेंगे दोनों उपमुख्यमंत्री

निकाय चुनाव के रण में उतरेंगे दोनों उपमुख्यमंत्री

-निकाय चुनाव के मद्देनजर पूरे प्रदेश को मथेंगे दोनों उपमुख्यमंत्री

-प्रत्येक नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगेंगे उपमुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम

-नगर पंचायतों में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे सरकार के अन्य मंत्री

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश 2024 के लाेकसभा चुनाव से पहले होने जा रहे निकाय चुनाव में भाजपा पूरी ताकत से उतरने जा रही है। खास रणनीति के तहत संगठन की ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तो सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मोर्चा संभालते हुए दिखाई देंगे। दोनों उपमुख्यमंत्रियों की प्रदेश की सभी नगर पालिका परिषदों में पार्टी को जिताने की विशेष जिम्मेदारी होगी।

निकाय चुनाव को भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव 2024 का सेमीफाइनल मानकर चल रही है। इसलिए निकाय चुनाव में भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी में टिकट वितरण प्रक्रिया से लेकर चुनाव संचालने और चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराने के लिए भाजपा हर स्तर की कांटे मजबूत करके आगे बढ़ रही है।

इस निकाय चुनाव में भाजपा जहां बूथ सशक्तीकरण व पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के माध्यम से निचले स्तर तक संगठन को चुस्त दुरुस्त कर रही है, वहीं पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए बड़े नेताओं का दौरा भी लगाए जा रहे हैंं। निकाय चुनाव में भाजपा अपने दोनों उपमुख्यमंत्रियों को बड़ी जिम्मेदारी देने जा रही है। पार्टी की रणनीति है कि प्रदेश की सभी नगर पालिका परिषदों की सीटों पर उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लगाया जाए। इससे पार्टी के पक्ष में माहौल बनेगा। इस दृष्टि से देखा जाए तो निकाय चुनाव मेंं जीत का दारोमदार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक पर रहेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के सभी नगर निगमों में बड़ी सभाएं कर चुके हैं। नगर निगम स्तर पर मुख्यमंत्री, नगर पालिका स्तर पर उपमुख्यमंत्री और नगर पंचायत स्तर पर प्रदेश सरकार के मंत्रियों के कार्यक्रम लगाये जाएंगे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आलोक वर्मा ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि निकाय चुनाव के संबंध में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से तैयार है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर निकाय चुनाव में भाजपा विजय पताका फहरायेगी।

बृजनन्दन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular