Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनिकाय चुनाव की तैयारियों में लगें सपा कार्यकर्ता : जूही सिंह

निकाय चुनाव की तैयारियों में लगें सपा कार्यकर्ता : जूही सिंह

कुशीनगर (हि.स.)। सपा की अखिलेश सरकार ने अपने कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्य किया है। भाजपा सरकार जब से आई है सिर्फ नाम बदलने का कार्य कर रही है। संघर्ष सपा की पहचान है। कार्यकर्ताओं का बल चुनाव में दिखता है। निकाय चुनाव में हमें फतह हासिल करनी है। इसके लिए कार्यकर्ता अभी से लग जाएं।

यह बातें समाजवादी पार्टी के महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने सोमवार को नगर के रोडवेज परिसर में आयोजित सदस्यता ग्रहण एवं स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठों की पार्टी है। यह संघर्ष काल है। हम सबको मिलकर मुकाबला करना है।

सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी रामअवध यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और अराजकता भाजपा की पहचान बन गई है। पूर्व सपा प्रत्याशी राजेश प्रताप उर्फ बंटी राव ने कहा कि सदस्यता अभियान में सपा के प्रति महिलाओं का आकर्षण अच्छा संकेत है। सदस्यता अभियान में सपा ने अन्य सभी पार्टियों को पीछे छोड़ दिया है। हर बूथ पर सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यकर्ता यदि अभी से जुटें तो आने वाला दिन सपा का होगा।

जिला उपाध्यक्ष राजेश पांडेय, चंद्रजीत यादव, वाजिद अली, उग्रसेन यादव, विक्रमा यादव, उदय नारायण गुप्ता, विरेंद्र सिंह सैंथवार, अलाउदीन अंसारी, धर्मवीर गुप्ता आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव व संचालन मजीबुल्लाह राही एवं शुकुरूल्लाह अंसारी ने संयुक्त रूप से किया।

भाजपा छोड़ अक्षय ने थामा सपा का दामन

सपा के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में अक्षय पांडेय ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा को छोड़कर सपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ दर्जनों अन्य लोगों ने भी पार्टी के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए सदस्यता ली। पांडेय ने कहा कि मेरा यह घर वापसी हुआ है। कुछ दिन के लिए भटक गया था। सपा ही हर वर्ग खास कर युवाओं की हितैषी है।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular