Sunday, December 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेश नालों में जाली लगाकर एक स्थान पर रोका जाएगा कचरा, सफाई में...

 नालों में जाली लगाकर एक स्थान पर रोका जाएगा कचरा, सफाई में होगी सहूलित

बांदा(हि.स.)। नालों में लगी जाली से बहकर जाने वाले कचरे को एक स्थान पर रोक लिया जायेगा और उस स्थान से निकाल लिया जायेगा, जिससे नाले में बहने वाले कचरों को अलग-अलग स्थान पर निकालने में लगने वाले समय एवं व्यय कम होगा। साथ ही नाला जाम एवं जल भराव से उत्पन्न होने वाली संक्रामक बीमारियों में भी कमी आयेगी। इसके परिणाम स्वरुप केन नदी का जल भी स्वच्छ होगा।

यह अभिनव प्रयोग जिला प्रशासन के निर्देशन में नगर पालिका परिषद सहित जनपद के सभी नगरीय निकायों में 30 मई 2023 से एक जून 2023 तक नाली-जाली स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड आठ सिविल लाइन में नाली जाली स्वच्छता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रही जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने नगरीय निकायों में नालों में लगायी गयी जाली की माध्यम से जल निकासी को स्वच्छ एवं निर्बाध्य बनाने के अभिनव प्रयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नाली-जाली स्वच्छता अभियान नगर पालिका परिषद बांदा के साथ-साथ जनपद के सभी आठ निकायों में चलाया जा रहा है। जिससे नालों में लगी जाली से नालों में बहकर जाने वाले कचरे को एक स्थान पर रोक लिया जायेगा।

अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय उमाकान्त त्रिपाठी ने नगरवासियों से नालों में कचरा न डालने एवं नगरीय निकायों द्वारा किये जा रहे अभिनव प्रयोग को सफल बनाने में सहयोगी बनने की अपेक्षा की है। गोष्ठी में वार्ड के सभ्रान्त नागरिकों ने जिला प्रशासन को जन समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित गुप्ता बासू ने नगर वासियों को आश्वासन दिया गया कि जल्द से जल्द आपकी सभी समस्याओं का ससमय निस्तारण करा दिया जायेगा।

इसी क्रम में अधिशाषी अधिकारी बांदा ने बताया गया कि आज नगर के 10 क्रमशः मर्दननाका पश्चिम, कटरा पश्चिम, क्योटरा दक्षिण स्वराज कालोनी, मढ़ियानाका झील का पुरवा, खुटला, छाबी तालाब, शान्ती नगर एवं सेदू तलैया में वार्ड सभासद की अध्यक्षता में स्वच्छता गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक संजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में अमिताभ यादव अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), बुद्धि प्रकाश अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद बांदा, अभिषेक खरे डी.पी.एम. एस.बी.एम. नगरीय, हेमन्त प्रसाद खाद्य एवं सफाई निरीक्षक सहित नवनिर्वाचित वार्ड सभासद संतोष राजपूत, योगेश कुमार, शोभा देवी, मनीष रैकवार एवं नागरिक व नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।

अनिल/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular