मुरादाबाद (हि.स.)। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को जोन आठ कंपनी बाग क्षेत्र में नाले के ऊपर किए गए अवैध निर्माण और दुकानों के आगे अवैध तरीके से निकाले गए छज्जे को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया।
नगर निगम टीम और प्रवर्तन दल के पहुंचने पर नाले के ऊपर दुकान चला रहे लोगों ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन प्रवर्तन दल को देखकर वह पीछे हट गए। इसके बाद कई गुमटियों को हटवाने के अलावा नाले पर किए पक्के निर्माण को जेसीबी मशीन से तोड़ना शुरू किया गया। दुकानदारों ने टीम से पहले सूचना न देने की बात कही। जिस पर टीम के सदस्यों ने कहा कि इस क्षेत्र में अक्सर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जाती है। जब खुद से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रवर्तन टीम को आज यह कार्य करना पड़ा। चेतावनी दिया कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
कारवाई के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी रिटायर्ड कर्नल एसके शाही, क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक, निर्माण विभाग के जेई आदि मौजूद रहे।
निमित/मोहित
