मेरठ (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव में त्यागी समाज ने अपनी उपेक्षा का आरोप लगाकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम में एक भी वार्ड से त्यागी समाज को टिकट नहीं मिलने पर अखिल भारतीय त्यागी महासभा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन भेजकर आक्रोश जताया है।
अखिल भारतीय त्यागी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश त्यागी और प्रवक्ता राहुल त्यागी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन भेजकर त्यागी समाज को नगर निगम में टिकट नहीं मिलने पर आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज लंबे समय से भाजपा का समर्थक रहा है। इसके बाद भी भाजपा सरकार द्वारा लगातार त्यागी समाज की उपेक्षा की जा रही है। प्रदेश में भाजपा से दो त्यागी विधायक होने के बाद भी एक भी मंत्री नहीं बनाया गया। अन्य संस्थाओं में भी त्यागी समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिला।
मेरठ महानगर में त्यागी समाज की लगभग एक लाख वोट होने के बाद भी 90 वार्ड में से एक भी टिकट समाज के व्यक्ति को नहीं दिया। इससे त्यागी समाज में आक्रोश व्याप्त है। इससे त्यागी समाज के लोगों का मन भाजपा के प्रति खट्टा हो गया है और नगर निकाय चुनावों में भाजपा का विरोध करने पर मजबूर हैं। त्यागी कल्याण समिति मेरठ के अध्यक्ष यतीश प्रकाश त्यागी ने भी भाजपा द्वारा एक भी टिकट समाज को नहीं देने पर आक्रोश जताया गया है।
कुलदीप
