Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनाम समाजवादी, सोच तमंचावादी और कार्य परिवारवादी : आदित्यनाथ

नाम समाजवादी, सोच तमंचावादी और कार्य परिवारवादी : आदित्यनाथ

-झांसी जिले की चुनावी रैलियों में योगी ने सपा पर बोला हमला

झांसी (हि.स.)। नाम समाजवादी, सोच तमंचावादी और कार्य परिवारवादी। ये लोग भला प्रदेश का विकास कैसे कर सकते हैं। यह उद्गार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यक्त किए। योगी, बबीना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार राजीव सिंह के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

योगी ने गरौठा विधानसभा क्षेत्र के गुरसराय कस्बे में सभा को सम्बोधित करते हुए माफिया को सबक सिखाने और बुल्डोजर के कहर की कहानी सुना डाली। उन्होंने कहा कि वह गरौठा में ये बताने आए हैं कि कैसे बुल्डोजर अपना काम करता है। उन्होंने अवैध बिल्डिंगों को हटाने की बात करते हुए बुल्डोजर के कार्य को बरकरार रखने का भी दम भरा। उन्होंने कहा यह बात वे गरौठा में इसलिए बोलने आए हैं कि लोग सावधान हो जाएं। उन्होंने गरौठा सीट के उम्मीदवार जवाहर लाल राजपूत और भाजपा समर्थित मऊरानीपुर की अपना दल (एस) की उम्मीदवार रश्मि आर्य को विजयी बनाने की अपील की।

बबीना में सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने वीर भूमि झांसी को नमन किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों के छक्के छुड़ाते और मैं अपनी झांसी हरगिज नहीं दूंगी जैसा वक्तव्य लोगों के बीच दिया। इसी झांसी में इस देश के हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म हुआ। उन्होंने एक नहीं चार-चार ओलम्पिक में भारत को गोल्ड दिलाने वाले भारत को एक राष्ट्रीय खेल के रूप में हॉकी प्रदान करने वाले मेजर ध्यानचंद की इस कर्मभूमि को नमन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां के लोकप्रिय सांसद और विधायक एवं जनता की अनुशंसा से झांसी के रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना लक्ष्मीबाई रखा। पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने हॉकी के जादूगर ध्यानचंद के नाम पर खेल विश्वविद्यालय बनाने का बीणा उठाया है।

कहा कि मार्च 2017 में मैंने अपनी पहली यात्रा बुंदेलखंड से शुरू की थी। मार्च का महीना था और मार्च का महीना होने के नाते मैं इस बात को जानता था कि अगर मैंने देर की तो बुंदेलखंड में पानी का संकट खड़ा होगा। इसलिए मैंने पहला दौरा बुंदेलखंड का किया था और बुंदेलखंड में मैंने कहा था कि बुंदेलखंड को जोड़ने के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे देंगे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का काम केवल आवागमन के लिए नहीं बल्कि हर जनपद में औद्योगिक इकाई स्थापित करने का अभियान है। डिफेंस कॉरिडोर बुंदेलखंड में बनाया जा रहा है। पहले की सरकार में बुंदेलखंड में कट्टे तमंचे बनते थे। इनके बल पर लोगों से वसूली करते थे। गरीबों की सम्पत्ति पर कब्जा होता था, अराजकता का तांडव था। पलायन होता था। यदि सपा, बसपा व कांग्रेस ने अवैध तमंचा की फैक्टरी लगाने का काम किया तो भाजपा ने डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण से भारतीय सेना के लिए तोप का निर्माण करने का काम किया है। हमारा बुंदेला जब तोप पर बैठकर दुश्मन की सीमा में घुसेगा तो हमारे बुंदेलखंड का नौजवान जरूर कहेगा कि हम अपने दुश्मनों को छोड़ेंगे नहीं।

योगी ने कहा कि बुंदेलखंड के हर गांव में हर घर नल की योजना साकार हो रही है और जल भी ऐसा जिसके सामने आरओ का पानी फेल हो जाए। आपने देखा होगा कि हम ऐसा शुद्ध जल उपलब्ध कराने जा रहे हैं। बस अब कुछ ही महीनों का इंतजार है। हमारी माताएं बहनें जो गगरी लेकर दूर-दूर से पानी लेने के लिए परेशान होती थीं। अब हर घर नल से जल पहुंचने के बाद खूब शादियां होंगी। सबको पर्याप्त पानी हर घर तक पहुंचाने का काम कोई करता है तो वह डबल इंजन की सरकार कर रही है। हर खेत को पानी, हर हाथ को काम, यह भी भाजपा की प्राथमिकता है। एक दर्जन से अधिक सिंचाई की परियोजना पूरी हो चुकी हैं।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular