Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनाम के जज्बे से काम करने पर मिलती है सफलता : जनरल...

नाम के जज्बे से काम करने पर मिलती है सफलता : जनरल वीके सिंह

गोरखपुर (हि.स.)। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक सप्ताह समारोह के शुभारंभ अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री एवं भारतीय थल सेना के पूर्व अध्यक्ष जनरल (डॉ.) वीके. सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हम कोई भी काम जब अपने नाम के लिए करते हैं तो नाम के जज्बे से सफलता जरूर मिलती है। नाम की चाह खुद में एक प्रेरणा है।

जनरल सिंह ने महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व का स्मरण कराते हुए कहा कि महाराणा प्रताप का नाम याद करते ही यह प्रेरणा मिलती है कि हमें कभी अपने कर्त्तव्य पथ से पीछे नहीं हटना है। किसी भी बाधा से घबराना नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति में यदि महाराणा प्रताप जैसे ये दो गुण हों तो उसे सफलता की ऊंचाई छूने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने अनुशासित, विचार समृद्ध और लक्ष्य के प्रति जुनून रखने वाले युवा आज की आवश्यकता है। देश को ऐसे ही युवाओं की जरूरत है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की संस्थाओं में अध्ययनरत बच्चे व युवा इसी मानक पर आगे बढ़ रहे हैं।

जनरल सिंह ने कि बच्चों के भविष्य को तय करने वाला वर्तमान ही किसी संस्था का मापदंड होता है। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के प्रबंध और यहां बच्चों के उत्कृष्ट अनुशासन को देखकर उन्हें यकीन है कि ये बच्चे भारत के मजबूत स्तम्भ बनेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही विकसित भारत के कर्णधार हैं। जनरल सिंह ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे भविष्य में आने वाली चुनौतियों से घबराने की बजाय संस्था के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। अपने स्कूली दिनों में मैथिलीशरण की एक प्रेरक कविता को प्रार्थना के रूप में गाए जाने की बात बताते हुए महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के कुलगीत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कुलगीत कुछ कर गुजरने की भावना पैदा करते हुए मार्गदर्शन करता है।

संस्थापक समारोह की कुछ यूँ हुई शुरुआत

संस्थापक समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम में स्वागत संबोधन में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर यूपी सिंह ने परिषद की प्रगति यात्रा पर प्रकाश डाला। शुभारंभ अवसर पर निकाली गई शोभा यात्रा की सलामी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री एवं भारतीय थल सेना के पूर्व अध्यक्ष जनरल (डॉ.) वीके सिंह ने ली। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि जनरल (डॉ.) वीके सिंह ने एमपी इंटर कॉलेज के बलरामपुर हाल में लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्हें एनसीसी कैडेट्स की तरफ से गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ. अतुल वाजपेयी, गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, वाराणसी से आए महामंडलेश्वर संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के पदाधिकारी व सदस्य, परिषद से जुड़ी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, शिक्षकों व विद्यार्थियों की सहभागिता रही। संचालन डॉ. श्रीभगवान सिंह व आभार ज्ञापन एमपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण सिंह ने किया।

डॉ. आमोदकांत /दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular