पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने सम्मान किया, सहयोग का दिया आश्वासन
झांसी(हि.स.)। वर्ष 2018 में हुई अर्धसैनिक बलों की भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर नागपुर से दिल्ली तक प्रदर्शन करने का अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत मंगलवार को पैदल चलकर झांसी पहुंचे अभ्यर्थियों ने वीरांगना भूमि झांसी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कांग्रेस पार्टी के पूर्व केंद्रीय मंत्री ने झांसी पहुंचने पर उनका सम्मान किया और आंदोलन में हर संभव मदद करने का भी आश्वासन दिया।
वर्ष 2018 में अर्धसैनिक बलों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र न मिलने पर नागपुर से दिल्ली तक पैदल मार्च प्रदर्शन करते हुए सरकार से नियुक्ति पत्र देने की मांग की है। इस आंदोलन को लेकर आज 28वें दिन पैदल चलकर अभ्यर्थी झांसी इलाईट चौराहा पहुंचे। वहां कांग्रेस पार्टी के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और अन्य कांग्रेसियों ने सभी अभ्यर्थियों का सम्मान किया। वहां से उन्हें वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक दुर्ग पर ले जाया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री के सहयोग से अभ्यर्थियों का प्रदर्शन शुरू कराया गया। इस दौरान बीच बीच में पुलिस ने अभ्यर्थियों को जमीन पर बैठकर प्रदर्शन करने से कई बार रोका भी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के नेतृत्व को कोसते हुए पैदल प्रदर्शन कर दिल्ली जा रहे अभ्यर्थियों की हालत काफी नाजुक बताई। उन्होंने सरकार को कुम्भकर्णी निद्रा से जागकर अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र देने की मांग की। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ चुकी है तथा एक अभ्यर्थी ने आत्महत्या तक कर ली है। बाबजूद इसके सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र दिया जाए।
महेश
