Saturday, March 28, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयनाइजीरिया: डाकुओं के हमले के शिकार सैनिकों की मदद को गया हेलिकॉप्टर...

नाइजीरिया: डाकुओं के हमले के शिकार सैनिकों की मदद को गया हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 25 की मौत

अबूजा(हि.स.)। नाइजीरिया में डाकुओं के हमले के शिकार सैनिकों की मदद के लिए गया हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 21 नाइजीरियाई सैनिकों सहित 25 की मौत हो गयी।

जानकारी के मुताबिक नाइजीरिया की राजधानी अबूजा के पास नाइजर चुकुबा गांव में सशस्त्र डाकुओं ने सैनिकों पर हमला कर दिया था। डाकुओं के हमले में मारे और घायल हुए सैनिकों की मदद के लिए भेजा गया हेलिकॉप्टर अबूजा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 21 नाइजीरियाई सैनिकों सहित 25 लोगों की जान चली गई।

नाइजीरियाई सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एडवर्ड बूबा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के समय विमान में दो पायलट और दो चालक दल के सदस्यों के अलावा 14 सैनिक और सात घायल जवान थे। दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है। अधिकारियों ने अभी तक निकासी मिशन की जानकारी या दुर्घटना के बारे में कोई बड़ा खुलासा नहीं किया है। अभी यह भी नहीं बताया गया कि हादसे में कोई जीवित बचा भी है या नहीं।

इससे पहले नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि ये अधिकारी और जवान एक निकासी मिशन के दौरान ड्यूटी पर थे। देश के प्रति अपनी समर्पित सेवा में उन्होंने अपनी जान कुर्बान कर दी।

चुकुबा में हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले डाकुओं के हमले में मारे गए सुरक्षाकर्मियों के शवों को निकाला जा रहा था। यह भी दावा किया जा रहा है कि हथियारबंद लोगों के पास अत्याधुनिक हथियार थे, जिससे हेलिकॉप्टर को भी मार गिराया जा सकता था। हेलिकॉप्टर ने कडुना एयरफील्ड से मिन्ना के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन कडुना और मिन्ना दोनों के नियंत्रण टावरों से इसका संपर्क टूट गया।

संजीव/संजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular