Tuesday, February 10, 2026
Homeमनोरंजननहीं रहे दिग्गज अभिनेता बीरबल खोसला, फिल्म इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि

नहीं रहे दिग्गज अभिनेता बीरबल खोसला, फिल्म इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि

दिग्गज अभिनेता बीरबल खोसला का बीती शाम मुंबई के धीरूभाई कोकिला बेन अस्पताल में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उन्हें बीरबल के नाम से जाना जाता था। खोसला का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। उनके शव का अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।

फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों समेत कई लोगों ने बीरबल खोसला को श्रद्धांजलि दी। सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन ने ट्विटर के जरिए बीरबल के निधन पर शोक व्यक्त किया।

1938 में जन्मे बीरबल को पहला बड़ा ब्रेक वी शांताराम की 1967 में जितेंद्र और मुमताज अभिनीत फिल्म ‘बूंद जो बन गई मोती’ में मिला। बीरबल ने अपने करियर में 500 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। इसमें उनके ज्यादातर रोल कॉमेडी थे। उन्होंने हिंदी फिल्मों के अलावा पंजाबी, भोजपुरी और मराठी फिल्मों में भी काम किया।

उन्होंने उपकार, रोटी कपड़ा और मकान और क्रांति समेत मनोज कुमार की कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म शोले में एक कैदी की भूमिका निभाई थी। उन्होंने अनुरोध में एक ड्रग एडिक्ट का किरदार भी निभाया था। इसके अलावा आराधना, मेरा नाम जोकर, बाजीगर, अमर प्रेम, चरस, विश्वनाथ, ‘अखियों के ज़रोखों से, कर्ज, क्रांति, नसीब, याराना, सदमा, बेताब, दिल, बोल राधा बोल, हम हैं राही प्यार के फिल्मों में उन्होंने काम किया। उन्हें आखिरी बार 2022 में ‘10 नहीं 40’ में देखा गया था।

लोकेश चंद्रा/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular