रायबरेली(हि.स.)। नशे में धुत दोस्त ने मामूली विवाद पर युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी है। आरोपित मृतक का रिश्तेदार भी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गांव रूकनापुर की है। गांव का रहने वाला युवक आलोक सिंह (25) पुत्र तेज बहादुर सिंह अपने दोस्त विवेक कुमार के साथ कहीं गया था। उसके दोस्त ने शराब पी रखी थी। दोनों दोस्तों में मोबाइल फोन को लेकर विवाद हो गया। उसके बाद उसने आलोक सिंह को लाठियों से पीटना शुरू किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपित मौके से भाग गया। घटना की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और आलोक को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आलोक सिंह के सिर पर लाठी से प्रहार किया गया है, जिससे उसकी मौत हुई है। किंतु प्रत्यक्ष रूप से उसके सिर या शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है।
पुलिस अधीक्षक अलोक प्रियदर्शी ने बताया कि उसके गले की हड्डी टूटी हुई प्रतीत हो रही है। मामले में मुकदमा दर्ज करके आरोपित की तलाश की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
रजनीश
