सुबह की सैर पर निकले लोगों से बातचीत की,उनके साथ चाय की चुस्कियां भी ली
वाराणसी (हि.स.)। वाराणसी के नवागत नगर आयुक्त शीपू गिरी एक्शन में हैं । कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार अलसुबह मैदागिन स्थित कम्पनी गार्डेन में नगर आयुक्त अचानक पहुंच गये। बाग का निरीक्षण करने के बाद नगर आयुक्त ने वहां सुबह की सैर (मॉर्निग वॉक) कर रहे लोगों से बातचीत भी की। अपने बीच नौजवान आईएएस नगर आयुक्त को देख युवा और बुर्जुग आश्चर्य में पड़ गये।
इस दौरान नगर आयुक्त ने लोगों के आग्रह पर बैठकर चाय की चुस्कियां भी ली। नगर आयुक्त ने बातचीत के दौरान लोगों से स्वच्छता अभियान और अन्य समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अपनी समस्या निसंकोच बताये और समस्याओं के समाधान पर विचार भी दें । नगर निगम के कार्यो में सहयोग दे। यह शहर आपका है, हम कार्य करने आये है,आपके सहयोग से ही कार्य कर पायेंगे।
नगर आयुक्त से मुलाकात के बाद नियमित पार्क में सुबह की सैर करने वाले उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता विजय कपूर ने बताया कि नवागत नगर आयुक्त कंपनी बाग में आए। उनका आना ही हमारे लिए अचरज (सरप्राइज) भरा रहा। विजय कपूर ने बताया की नगर आयुक्त ने बातचीत के दौरान कहा कि नगर की समस्याओं के साथ आप समाधान बताए, इससे साफ जाहिर होता है की उनकी काम करने की इच्छा है।
विजय कपूर ने बताया की हम लोगों से बात करने से पहले नगर आयुक्त बाग का निरीक्षण कर चुके थे। हम लोग एक-दो दिन में समस्याओं के साथ समाधान को लिखित तौर पर दे देंगे।
नगर आयुक्त के बाग में पहुंचने की जानकारी पर नगर निगम के अफसर भी वहां पहुंच गये।
श्रीधर
