वाराणसी (हि.स.)। सामाजिक संस्था नमामि गंगे के सदस्यों ने स्वच्छता श्रमदान श्रृंखला के तहत सोमवार को सिंधिया घाट, मणिकर्णिका घाट और रत्नेश्वर महादेव मंदिर के आस— पास सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया ।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गंगा नदी किनारे पड़े प्रदूषित सामग्रियों को समेट कर कूड़ेदान तक पहुंचाया । श्रमदान के बाद संस्था के काशी क्षेत्र संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता और मां गंगा की हमारे जीवन में विशेष महत्ता है । नवरात्र में भवानी स्वच्छता का संदेश लेकर आती हैं । कोई भी पूजा, मन, वचन , कर्म की शुद्धि और स्वच्छता से ही पूरी होती है। देवी उसी घर में वास करती हैं जहां आंतरिक और बाह्य शुद्धि होती है ।
कहा कि स्वच्छता धर्म है। इसलिए हर पूजा पद्धति में यह सर्वोपरि है । किसी भी पूजा पाठ में स्वच्छता का महत्व है । दो ॠतुओं की संधि पर पड़ने वाली नवरात्रि भी हमें शारीरिक और बाह्य स्वच्छता का संदेश देती है । स्वच्छता अभियान में संस्था के शिवम अग्रहरी, रामप्रकाश जायसवाल , रश्मि साहू , रंजीता गुप्ता, सूर्यांशु शुक्ला आदि शामिल रहे।
श्रीधर
