– नारियल की आवक हुई तेज, नौ दिन होगी तेजी से बिक्री
कानपुर (हि.स.)। कोविड के अंतिम चरण पर पहुंचने को देखते हुए इस शारदीय नवरात्र में भक्त माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। इसको लेकर सभी मंदिरों में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। वहीं भक्त भी नवरात्र पर माता रानी के दर्शन को लेकर लालायित हैं। इसी के चलते बुधवार को बाजार गुलजार रहे और पूजा सामग्री की दिनभर खरीरददारी होती रही।
वैश्विक महामारी कोरोना काल के बाद पहली बार शारदीय नवरात्र पर इस बार मंदिरों में माता रानी के दर्शन भक्त कर सकेंगे। हालांकि कोविड लाइन का पालन किया जाएगा और लगभग सभी मंदिरों के बाहर लगने वाले मेला नहीं लगेंगे। इसको लेकर जहां मंदिर प्रबंधन दूरदर्शिता बरत रहा है तो वहीं प्रशासन भी मेला की इजाजत देने से इंकार कर दिया। मंदिरों में प्रबंधन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं और गुरुवार से भक्त माता रानी के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही भक्त भी एक दिन पहले से अपने घरों को सजाने लगे और माता रानी के आने का इंतजार करने लगे। इसी कड़ी में बुधवार को नवरात्र से एक दिन पहले सभी बाजार भक्तों से गुलजार रहे। दिनभर खासकर महिलाएं पूजा सामग्री की खरीददारी करती रहीं।
बिक रही यह पूजन सामग्री
हटिया बाजार के दुकानदार कल्याण ओमर ने बताया कि अबकी बार कोराना का खौफ न के बराबर भक्तों में है। इस बार पूजन सामग्री की अच्छी बिक्री हो रही है। बताया कि बाजार में दो रुपये से लेकर तीन सौ रुपये तक के छोटे लहंगे, 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के बड़े लहंगे, आसन 10 से 100 रुपये, दो से 50 रुपये की छोटी माला, 30 से 100 रुपये की बड़ी माल, पांच से 500 रुपए तक का छोटा मुकुट और 50 से लेकर पांच सौ रुपए तक का बड़ा मुकुट बिक रहा है।
नारियल की बढ़ी आवक
नारियल कारोबारी अख्तर सलीम ने बताया कि इस बार नवरात्र पर नारियल की अच्छी बिक्री होने वाली है। इसका संकेत एक दिन पहले ही मिलने लगा और पहले से भी अनुमान लगा लिया गया था। किदवई नगर व चकरपुर मंडी में इस समय करीब 38 ट्रक नारियल है। एक ट्रक में करीब 18 हजार नारियल आता है। मंडियों से नारियल हटिया, जनरलगंज, गुमटी नंबर पांच, गोविद नगर, बर्रा, कल्याणपुर, नौबस्ता, लालबंगला, काकादेव, लाजपत नगर आदि बाजारों में बराबर पहुंच रहा है। दुकानदार विशाल के अनुसार थोक बाजार में छोटा नारियल 20 रुपये और बड़ा नारियल 24 रुपये में बिक रहा है।
