-लखनऊ होकर मुम्बई और दिल्ली के बीच चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें
-अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का किराया सामान्य स्पेशल ट्रेनों की अपेक्षा अधिक होगा
लखनऊ (हि.स.)। दीपावली और छठ पर्व से पहले मुम्बई और दिल्ली से लखनऊ होकर चलने वाली सामान्य स्पेशल ट्रेनों के जनरल और स्लीपर श्रेणियों की ज्यादातर ट्रेनों में टिकट अब बुक नहीं हो रहे हैं। इसलिए मुम्बई, दिल्ली और अन्य स्थानों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक पहुंचाने के लिए नवरात्रि से छठ पर्व तक अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी तेज कर दी गई है।
रेलवे प्रशासन मुम्बई और दिल्ली से दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर उत्तर प्रदेश एवं बिहार आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ होकर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन गोरखपुर से आनंद विहार, मुम्बई और एर्नाकुलम तथा छपरा से पनवेल और दिल्ली के बीच अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। बोर्ड की मंजूरी मिलते ही नवरात्रि से ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। त्योहारी सीजन में यात्रियों को दिक्कतें न होने पाए इसलिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन छठ पर्व तक किया जाएगा। इस बार 15 अक्टूबर को दशहरा, चार नवम्बर को दीपावली तथा दस नवम्बर को छठ पर्व है।
अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का किराया सामान्य स्पेशल ट्रेनों की अपेक्षा अधिक होगा
यात्रियों को सामान्य स्पेशल ट्रेनों की अपेक्षा अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का किराया अधिक देना पड़ेगा। अभी जो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं उनका भी किराया सामान्य स्पेशल ट्रेनों की अपेक्षा अधिक है। आने वाले दिनों में चलने वाली अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ेगा।
मुम्बई और दिल्ली से लखनऊ होकर चलने वाली ट्रेनों में लम्बी वेटिंग
नई दिल्ली से लखनऊ होकर सहरसा के लिए चलने वाली 02554 वैशाली स्पेशल ट्रेन में पांच और छह नवम्बर को स्लीपर और जनरल श्रेणी में नो रूम है। वातानुकूलित थर्ड टियर में पांच नवम्बर को करीब 139 तथा छह नवम्बर को 149 वेटिंग है। मुम्बई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से लखनऊ होकर गोरखपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन (02538) में स्लीपर श्रेणी में पांच नवम्बर को करीब 213 तथा छह को नवम्बर को 222 वेटिंग है। जनरल श्रेणी में पांच नवम्बर को करीब 49 और छह नवम्बर को 71 वेटिंग चल रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि मुम्बई और दिल्ली सहित अन्य स्थानों की ट्रेनों में बढ़ती हुई भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलते ही अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। ताकि त्योहारों पर लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिले।
