Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनवरात्रि के अनुष्ठान की तरह चुनाव तैयारी में जुट जाएं कार्यकर्ता :...

नवरात्रि के अनुष्ठान की तरह चुनाव तैयारी में जुट जाएं कार्यकर्ता : केशव मौर्य

-जनता की आशा और आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए हमें हर बूथों पर कमल खिलाना है : उप मुख्यमंत्री

प्रयागराज(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सिविल लाइन कार्यालय में नगर निगम चुनाव के संदर्भ में सोमवार को चुनाव संचालन समिति की बैठक की गई। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि हमें नवरात्रि के अनुष्ठान की तरह नगर निगम के चुनाव में जुटना है और जनता की आशा और आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए हर बूथों पर कमल खिलाना है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता परिश्रमी है। जो अपने परिश्रम की पराकाष्ठा तक जाकर हर असंभव कार्य को भी संभव सिद्ध कर देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी कार्यकर्ताओं के दम पर बनी है। जिन्होंने अपने परिश्रम के बल पर पार्टी को मजबूत तो किया और जनता का भी दिल जीतने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का एक ऐसा दल है जहां वह प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनता है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज जिले का बहुमुखी विकास के लिए नगर निगम के सभी वार्डों में कमल खिलाना होगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाज के ऐसे बहुत से लोग हैं जो भारतीय जनता पार्टी के विचारों से जुड़े हैं और भाजपा को अपना समर्थन करते हैं। ऐसे सभी लोगों और अन्य राजनैतिक दल के अच्छे कार्यकर्ता जो भाजपा में शामिल होना चाहते हैं उन्हें वार्ड स्तर पर शामिल कराएं और असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को मनाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सर्व समाज की पार्टी है इसलिए हर वार्ड में सामाजिक समीकरण बनाकर और हर समाज के लोगों को जोड़कर वार्ड के हर कार्यक्रम का संयोजन करें। उन्होंने आगे कहा कि हम नगर निगम महापौर का चुनाव तो जीत रहे हैं। जीत का आंकड़ा बढ़ाने के लिए हर भाजपा पार्षद उम्मीदवारों को 100 प्रतिशत लक्ष्य साधकर जिताने का काम करना है।

इस अवसर पर सांसद रीता बहुगुणा जोशी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, चुनाव प्रभारी निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव, यमुनापार जिलाध्यक्ष विभव नाथ भारती, गंगापार जिलाध्यक्ष अश्वनी दुबे ने कहा कि इस बार पार्टी ने उमेश चंद्र गणेश केसरवानी के रूप में एक कार्यकर्ता को महापौर का टिकट दिया है तो इस अवसर को हमें शानदार जीत के साथ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को उपहार सौंपना है।

बैठक का संचालन नगर निगम चुनाव के चुनाव संयोजक एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता एवं धन्यवाद ज्ञापन कुंज बिहारी मिश्रा ने किया। बैठक में पूर्व विधायक दीपक पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह, राजेंद्र मिश्रा, शशि वार्ष्णेय, पार्षद आशीष गुप्ता, डॉ एलएस ओझा, पुष्पराज सिंह, बृजेश मिश्रा, प्रमोद जायसवाल, राजेश केसरवानी, सचिन जायसवाल, पूर्व पार्षद आनंद सोनकर, नरेश कुंद्रा, अखिलेश सिंह एवं चुनाव संचालन समिति के सभी सदस्य एवं मंडल अध्यक्ष गण उपस्थित रहे।

विद्या कान्त/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular