रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला बलरामपुर। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच यूक्रेन और उसके पड़ोसी देशों में फंसे भारतीयों को आपरेशन गंगा के तहत भारत सरकार लगातार निकालने में जुटी हुई है। ऑपरेशन गंगा के तहत तहसील उतरौला के सादुल्लानगर कस्बे के ग्राम जखौली निवासी नवनीत तिवारी भी यूक्रेन से बलरामपुर पहुंचे।
नवनीत यूक्रेन में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे।
आपको बता दें कि आपरेशन गंगा के तहत नवनीत की सकुशल घर वापसी हुई है। उनके घर पहुंचने से जहां उनका परिवार बेहद खुश है और भारत सरकार को धन्यवाद दे रहा है। वहीं नवनीत के घर पहुंचने की सूचना पर भाजपा सह मीडिया प्रभारी संदीप उपाध्याय ने अपने सहयोगियों के साथ उनके गांव जखौली पहुंच कर नवनीत का स्वागत किया और परिजनों से मुलाकात की, साथ ही नवनीत व उनके परिजनों से वहां उत्पन्न परिस्थितियों पर चर्चा की।
यूक्रेन से सही सलामत लौटे नवनीत ने बताया कि यूक्रेन के बार्डर पर हालत बहुत बुरे हैं तमाम देशों के छात्र हजारों की संख्या में लाइन में खड़े है। वहां तापमान माइनस डिग्री में होने के कारण सभी को काफी दिक्कत हो रही है लोग अपना सबकुछ छोड़कर वहाँ से निकल रहे हैं। नवनीत ने कहा कि पीएम मोदी के कारण आज भारत के सभी छात्र अपने घर सकुशल वापसी कर रहे हैं। अन्य देशों के छात्रों को वहां बहुत दिक्कतें हो रही है।
नवनीत के पिता अनिल तिवारी ने बताया कि जिस तरह से पीएम मोदी ने भारतीय छात्रों को वापस लाने का कार्य किया है वो बहुत ही सराहनीय है उन्होंने चुनावी व्यस्तता के बीच तमाम छात्रों की जान बचाई है इसके लिए मैं उनका धन्यवाद देता हूँ।
भाजपा सह मीडिया प्रभारी संदीप उपाध्याय ने कहा कि आज जब विश्व के तमाम देश यूक्रेन की परिस्थिति देख रहे हैं तब पीएम मोदी “आपरेशन गंगा” के तहत एक एक नागरिक को संकटमोचक बनकर वहाँ से भारत सकुशल ला रहे हैं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अरविंद मिश्रा, महिला मोर्चा की अर्चना गुप्ता, शीला सैनी व अन्य लोग उपस्थित रहे ।
