पंचायती राज व्यवस्था व आधुनिकीकरण की दी गई जानकारी
हमीरपुर (हि.स.)। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कर जूम एप के माध्यम से ऑनलाइन उनका उन्मुखीकरण किया गया। इस मौके पर डीडी पंचायत सहित प्रदेश के चयनित अधिकारियों द्वारा प्रधानों को ग्राम पंचायत की कार्यवाही से लेकर विकास कार्यों को किस तरह से कराया जाना है इसकी जानकारी दी गई।
शनिवार को विकास खंड सुमेरपुर कार्यालय के सभागार सहित तीन स्थानों पर कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें टेढ़ा में ग्राम पंचायत सचिव मनोज गुप्ता,पौथिया में अरविंद कुमार सोनी व ब्लॉक कार्यालय में अरविंद कुमार पाल की अगुवाई में प्रशिक्षण संपन्न हुआ।
इस मौके पर जूम एप के माध्यम से ग्राम प्रधानों को जानकारी उपलब्ध कराई गई। जिसमें चित्रकूट धाम मंडल के डीडी पंचायत ने प्रशिक्षण का शुभारंभ करते पंचायत राज व्यवस्था, ग्राम पंचायतों की कार्य प्रणाली संबधित आधुनिक तकनीकी की जानकारी दी।इसके साथ ही ग्राम पंचायत की कार्यवाही से लेकर विकास कार्यों को किस तरह से किया जाना है इस पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही राजधानी मुख्यालय से चयनित अधिकारी रामप्रकाश सिंह,आदित्य पाल, नागेंद्र सिंह गौतम, शशीधर शुक्ला सहित मास्टर ट्रेनरों ने भी एप के माध्यम से प्रधानों को जानकारी देकर उनका उन्मुखीकरण किया।
समापन पर पहुंचे डीपीआरओ राजेंद्र प्रकाश ने प्रधानों को जानकारी देते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को ग्राम पंचायत के विकास में लगाए जाने के लिए कहा। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि जिले में 17 स्थानों पर कार्यशाला आयोजित की गई और जिले के 330 ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिया गया।
कहा कि इस प्रशिक्षण से नवनिर्वाचित प्रधानों को कार्य कराने में आसानी होगी। उन्हें अपने अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी हुई है। इस मौके पर एडीपीआरओ सुरेश धुरिया, एडीओ पंचायत सत्यप्रकाश गुप्ता सहित सभी प्रशिक्षण केंद्रों में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
