नर्स अपहरण एवं हत्या मामले में मुख्य आरक्षी समेत दो गिरफ्तार

कानपुर (हि.स.)। बर्रा थाने की पुलिस ने नर्स अपहरण एवं हत्या मामले का खुलासा करते हुए उप्र पुलिस विभाग में तैनात मुख्य आरक्षी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने हत्या में प्रयुक्त गमछा और बोलेरो बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण रवीन्द्र कुमार ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में एटा जनपद के अलीगंज जैथरा गांधी नगर निवासी मनोज कुमार जो उप्र पुलिस विभाग में मुख्य आरक्षी के पद पर कार्यरत है। मनोज कुमार वर्तमान में कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में स्थित एलआईजी तात्या टोपे नगर ओ ब्लॉक गुजैनी में रहता है। दूसरा आरोपित सचेंडी थाना के भीमसेन राम सिंह का पुरवा गांव निवासी राहुल कुमार है।

इस संबंध में पहले जो मुकदमा 366 में दर्ज था उसे हटाते हुए धारा में बढ़ोत्तरी करते 364, 302, 201 की धारा बढ़ाते हुए आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए शनिवार को जेल भेजा जा रहा है।

डीसीपी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि मनोज कुमार दो-तीन वर्ष पूर्व थाना बर्रा में तैनात था। उसी दौरान मनोज कुमार की नर्स शालिनी तिवारी से जान पहचान हो गई। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ गई तो वह अभियुक्त मनोज कुमार पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगी थी। चूंकि आरोपित मनोज कुमार पहले से शादीशुदा था इसलिए वह शादी करने से मना कर रहा था। शालिनी बार-बार शादी का दबाव बनाती थी। इसी कारण शालिनी से छुटकारा पाने के लिए अभियुक्त ने उसका अपहरण उसकी हत्या कर दी और अपने साथी राहुल कुमार पुत्र स्वर्गीय राजकुमार निवासी ग्राम राम सिंह का पुरवा पोस्ट भीमसेन थाना सचेंडी कानपुर नगर की मदद से साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से मृतका के शव को अपने पैतृक गांव जैथरा जनपद एटा ले जाकर एक सूखे कुएं फेंक दिया था। इसके बाद अपने साथी राहुल के साथ रात्रि में ही वापस कानपुर आ गया था।

मृतका का मोबाइल मय सिम अपने साथी राहुल कुमार को देकर अयोध्या भेजा था और कहा था कि अयोध्या में मोबाइल ऑन कर मोबाइल को तोड़कर किसी नाले में फेंक देना, जिससे पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस शालिनी को अयोध्या में खोजती रहे । मृतका का शव थाना जैथरा जनपद एटा पुलिस 18 फरवरी को बरामद किया गया जिसके सम्बंध में थाना जैथरा में एक मुकदमा पंजीकृत किया गया है। थाना बर्रा पुलिस व सर्विलांस टीम द्वारा कड़ी मेहनत से अभियुक्तगण को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया गया।

राम बहादुर/दीपक/मोहित

error: Content is protected !!