Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनरेश हत्याकांड का मुख्य आरोपी जमानत पर रिहा, परिवार ने सीएम आवास...

नरेश हत्याकांड का मुख्य आरोपी जमानत पर रिहा, परिवार ने सीएम आवास पर धरने की दी चेतावनी

– नरेश के पुत्र ने पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा विधायक पर लगाया साजिश का आरोप

गाजियाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के साले व मुरादनगर के भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी के मामा नरेश हत्याकांड के आरोपी जितेंद्र त्यागी के जमानत पर बाहर आने के बाद नरेश त्यागी का परिवार दहशत में आ गया है।

नरेश के पुत्र अभिषेक त्यागी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपाल त्यागी व अजीतपाल त्यागी पर मुकदमे को प्रभावित करने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाते हुए अपनी व परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। अभिषेक ने आरोप लगाया कि ये दोनों उसकी या उसके परिवार की हत्या भी करा सकते हैं। उन्होंने पुलिस पर आधुनिक राजनीतिक दबाव में काम कर मामले के मुख्य आरोपी गिरीश पाल त्यागी की गिरफ्तारी ना करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अभी तक पुलिस गिरीश पाल की गिरफ्तारी नहीं की है, जबकि इस घटना को एक साल से ज्यादा का समय हो चुका है। मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग भी की।

यहां नवयुग मार्केट स्थित एक रेस्टोरेंट में अभिषेक त्यागी ने कहा कि उनके पिता नरेश त्यागी की 9 अक्टूबर 2020 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश जितेंद्र त्यागी के अलावा विपिन शर्मा,मनोज कुमार व अर्पण चौधरी को गिरफ्तार किया था। जबकि मामले का मुख्य साजिशकर्ता गिरीश त्यागी पिछले एक वर्ष से फरार है। पुलिस अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस गिरीश त्यागी की 82 सीआरपीसी के आदेश की कार्रवाई कर चुकी है लेकिन अभी तक 83 की कार्रवाई नहीं की है।

पुलिस गिरीश त्यागी की कुर्की की कार्रवाई ना करके सीधे 174 आईपीसी के तहत फरारी का मुकदमा दर्ज कर दिया है। उन्होंने कहा कि 82 की कार्रवाई के बाद पुलिस ने ना तो मुनादी कराई है ना उनके निवास पर नोटिस चस्पाया गया है और न ही समाचार पत्रों में उनके फरारी की कोई सूचना प्रकाशित की है ना ही उन पर कोई इनाम घोषित किया है। अभिषेक त्यागी ने कहा कि दिनेश त्यागी उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी का बेटा है और मुरादनगर विधानसभा से भाजपा विधायक सगा भाई है। पिछले दिनों अजय त्यागी ने गिरीश त्यागी के दो परिवार वालों को चुनाव भी लड़ाया था।

कहा कि अभी हाल ही में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी जितेंद्र त्यागी को जमानत मिल चुकी है। इसका कारण पुलिस पैरवी नहीं कर सकी। उन्होंने आशंका जताई के पुलिस का जो रवैया है उससे गिरीश त्यागी व उसके परिजनों के हौसले बुलंद है और वे उनके परिवार के खिलाफ कुछ भी आपराधिक कार्रवाई कर सकते हैं। अभिषेक ने आरोप लगाया कि गिरीश पाल त्यागी बड़ा अपराधी है और मनोज पंडित हत्याकांड नवरंग पंडित हत्याकांड आदि मामलों में भी उसका नाम प्रकाश में आया था। उन्होंने प्रशासन से शस्त्र लाइसेंस देने और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

चेतावनी दी है कि यदि अक्टूबर माह में उनको सुरक्षा मुहैया नही कराई गई तो वे नवम्बर में परिवार सहित मुख्यमंत्री आवास पर धरना देंगे। इस अवसर पर मामले के गवाह नवीन त्यागी के अलावा अविनाश त्यागी व अवनीश त्यागी भी उपस्थित थे। उधर, दूसरी ओर भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular