Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनये साल से पहले 31 को रामलला का दर्शन करेंगे गृहमंत्री

नये साल से पहले 31 को रामलला का दर्शन करेंगे गृहमंत्री

-गृहमंत्री शाह की शुक्रवार को भी तीन जिलों में चुनावी सभा

लखनऊ (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इस वक्त उत्तर प्रदेश में अपने पैर जमा दिए हैं। शाह दिन में जनसभाएं कर रहे हैं। रात में संगठन के नेताओं के साथ बैठक कर रणनीति बना रहे हैं। वह दो दिवसीय प्रदेश दौरे पर हैं। पहले दिन गुरुवार को उन्होंने मुरादाबाद, अलीगढ और उन्नाव में जनसभाएं कीं। रात में वह भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर ठहरेंगे। साल के आखिरी दिन शाह अयोध्या में रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। साथ ही तीन जिलों में सभाएं और रोड शो भी करेंगे।

अमित शाह भाजपा के एक ऐसे चेहरा हैं जो उप्र के करीब-करीब हर चुनाव में सक्रिय दिख रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश प्रभारी के रूप में वह आए। इसके बाद से उप्र में होने वाले तकरीबन सभी चुनावों में उनकी सक्रियता रही। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने एक बार फिर मोर्चा संभाल लिया है। शाह ने गुरुवार को प्रदेश के तीन जिलों- मुरादाबाद, अलीगढ और उन्नाव में जनसभाएं कीं। इसके बाद 31 दिसंबर को भी तीन जिलों में उनके कार्यक्रम लगे हैं। अयोध्या, संतकबीर नगर और बरेली में भाजपा की जन विश्वास यात्रा के दौरान आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे।

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि अमित शाह शुक्रवार सुबह 10:30 बजे अयोध्या हनुमानगढ़ी तथा 11 बजे श्रीराम जन्मभूमि पहुंचकर रामलला का दर्शन एवं पूजन करेंगे। सुबह 11:30 बजे राजकीय इंटर कालेज मैदान, अयोध्या में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। दोपहर एक बजे इंण्डस्ट्रियल एरिया मैदान, संतकबीर नगर में विशाल जनसभा के दौरान जनसंवाद करेंगे। वहीं अपराह्न 3:30 बजे बरेली के कुतुब खाना चौराहा से रोड शो का करेंगे। शाम पांच बजे पटेल चौक बरेली में जनसभा को सम्बोधित करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular