लखनऊ (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट से निकाय चुनाव कराने को लेकर हरी झण्डी मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी सक्रिय हो गयी है। भाजपा अब अपना पूरा फोकस नगर निकाय चुनाव पर करेगी।
भाजपा की नई प्रदेश टीम की घोषणा भी हो चुकी है। वैसे टीम में अधिकांश पुराने चेहरे ही हैं फिर भी नये जोश व नई रणनीति के तहत चुनाव में उतरने की रणनीति भाजपा बना रही है। इस संबंध में बुधवार को प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक चल रही है। प्रदेश टीम की घोषणा के बाद यह भाजपा पदाधिकारियों की पहली बैठक है। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मौजूद हैं। पदाधिकारियों से औपचारिक परिचय के बाद नगर निकाय चुनाव के संबंध में चर्चा होगी।
बूथों की मजबूती पर जोर
भाजपा का इस बार सबसे ज्यादा फोकस बूथ पर है। सक्रिय बूथ कमेटियों के निर्माण के लिए पार्टी का बूथ सशक्तीकरण अभियान चल रहा है। बूथ सशक्तीकरण अभियान के लिए पार्टी हर जिले में प्रभारी बनाये हैं। वह प्रभारी बूथ स्तर तक जाकर बूथ कमेटियों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। इस बार बूथ की कमेटियों में 20 की जगह 11 सदस्य होंगे।
बृजनन्दन
