कानपुर (हि.स.)। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं मैदानी क्षेत्रों में आ रही हैं। इससे एक ओर जहां तापमान गिर रहा है तो वहीं दूसरी ओर मानसून की गतिविधियां भी तेज हो रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी तीन दिनों में कानपुर सहित उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में प्री मानसून की बारिश होगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र पर बना हुआ है। उत्तरी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। विज्ञापन एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तर पश्चिम बंगाल और असम तक फैली हुई है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तमिलनाडु तट से दूर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक से दूर अरब सागर में फैली हुई है।
बताया कि कानपुर का अधिकतम तापमान 36.8 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 82 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 55 प्रतिशत दर्ज की गई। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रही जिनकी औसत गति 10.6 किमी प्रति घंटा रही। अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी के आसार बने हुए है।
अजय
