शाहजहांपुर (हि.स.)। थाना रोजा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के नामकिन फैक्ट्री में काम कर एक किशोर की मशीन में फंसकर मौत हो गई। परिजनों को घटना की जानकारी कई घण्टे बाद हुई है। किशोर की मौत से नाराज परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना रोजा क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी निवासी शम्भू दयाल ने बताया कि उनका 17 वर्षीय भतीजा निखिल कुमार गुप्ता थाना क्षेत्र के गांव अटसलिया में स्थित नमकीन फैक्ट्री में काम करता था। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे काम करते वक्त निखिल की मशीन में फंस कर मौत हो गई। आरोप है की फैक्ट्री प्रशासन ने परिजनों को घटना की भनक तक नहीं लगने दी। सुबह करीब दस बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
वहीं घटना से नाराज परिजन व ग्रामीण फैक्ट्री पहुंचे और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि निखिल मैदा गूथने वाली मशीन पर काम कर रहा था। इस दौरान मशीन में फंस कर निखिल की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
नमकीन फैक्ट्री में किशोर की मशीन में फंसकर मौत, हंगामा
RELATED ARTICLES
