Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेश नदी में बहे बाइक सवार दो युवकों की मौत

 नदी में बहे बाइक सवार दो युवकों की मौत

हमीरपुर(हि.स.)। जिले में गुरुवार को बाइक से जा रहे दो युवक विरमा नदी में पानी के तेज बहाव में बह गए। हादसे की जानकारी होते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डाॅक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के रौरौ गांव निवासी धर्मराज सिंह राजपूत (32) अपने साथी ज्ञान सिंह ( 30) के साथ गुरुवार को मोटरसाइकिल से खेत जा रहा था। दोनों गांव के बाहर चेकडैम से निकल रहे थे तभी विरमा नदी के रपटे में पानी के बहाव में दोनों बह गए। दोनों युवकों को पानी में उतराते देख ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवकों को नदी से बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों को बेसुध हालत में सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां हास्पिटल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने देखते ही दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

डाॅ. सतेन्द्र यादव ने बताया कि दोनों युवक मृत अवस्था में लाए गए थे। सूचना पाते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे में दोनों युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि मृतक धर्मराज सिंह के पिता जयसिंह के नाम 50 बीघा कृषि योग्य जमीन है। वहीं मृतक ज्ञान सिंह के पिता ख्यालीराम के पास 05 एकड़ जमीन है। दोनों युवक अपने परिवार के साथ खेतीबाड़ी करते थे।

पानी के तेज बहाव में 400 मीटर दूर तक बह गए दोनों युवक

विरमा नदी के रपटे पर बाइक सवार धर्मराज सिंह व ज्ञान सिंह पानी के तेज बहाव में करीब 400 मीटर दूर बह गए। मौके पर दोनों युवकों को पानी में डूबते देख परिजनों को सूचना दी गई। दोनों युवकों के परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। किसी तरह से लोगों ने नदी से दोनों को बाहर निकाला लेकिन उससे पहले ही दोनों की मौत हो गई थी। राठ क्षेत्र के कोतवाल भरत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों युवक मछली मारने नदी गए थे जहां दोनों हादसे के शिकार हो गए। हादसे की जांच कराई जा रही है।

पंकज/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular