Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनदी पार करने के लिए ग्रामीणों ने छह घंटे में बनाया पीपे...

नदी पार करने के लिए ग्रामीणों ने छह घंटे में बनाया पीपे का अस्थायी पुल

हमीरपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बीहड़ के गांवों की आबादी को पुल और सड़क की दरकार है। हाल में ही गर्भवती महिला को हास्पिटल लेकर जा रही सरकारी एम्बुलेंस बीच रास्ते में फंसने के बाद ग्रामीणों ने अनोखी पहल की है। गांव के लोगों ने नदी से पार होने के लिए अब नदी में पीपे का अस्थायी पुल बनाया है। पीपे का यह अस्थायी पुल जून महीने तक ही काम करेगा, फिर बरसात शुरू होने के बाद नदी उफान पर आ जाती है।

मौदहा तहसील क्षेत्र के बीहड़ में बसे तमाम गांवों की बदहाली की तस्वीर अभी भी चिंताजनक है। इन गांवों के हजारों ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए अभी तक एक पुल भी नहीं बनाया जा सका। क्षेत्र के सिसोलर, बैजेमऊ, गढ़ा, किसवाही और परेहटा सहित तमाम गांवों के लोगों को हमीरपुर और मौदहा आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है क्योंकि इन दिनों चन्द्रावल नदी ग्रामीणों के लिए अभिशप्त साबित हो रही है। पानी से लबालब इस नदी को पार करने में गांव के लोगों को बड़े खतरे झेलने पड़ते हैं।

हाल में ही किसवाही गांव से गर्भवती दुर्गेश पत्नी रामकरन कुशवाहा को प्रसव पीड़ा होने पर हास्पिटल से एक एम्बुलेंस भेजी गई थी जो प्रसूता और उसके परिजनों को लेकर जैसे ही चन्द्रावल नदी पार करने के लिए आगे बढ़ी तो ये एम्बुलेंस गहरे पानी में फंस गई थी। एम्बुलेंस स्टाफ और परिजन डर के मारे कांप उठे थे। कई घंटे बाद दूसरी एम्बुलेंस की मदद से प्रसूता को हास्पिटल भेजा जा सका जबकि एम्बुलेंस पूरी रात नदी में ही फंसी रही। गांव के सैकड़ों लोगों ने अगले दिन सुबह किसी तरह से एम्बुलेंस को नदी से बाहर निकाला।

किसवाही गांव के सरपंच अशोक सिंह ने बताया कि एम्बुलेंस के नदी में फंसने के बाद बड़ा फैसला लिया गया जिसमें जुगाड़ करके नदी से आरपार होने के लिए एक पीपे का पुल बनाने का काम शुरू कराया गया। ठेकेदार मान सिंह और पूर्व प्रधान गजेन्द्र सिंह सहित गांव के तमाम लोगों की मदद से एक दर्जन बड़े पाइप की व्यवस्था की गई फिर कुछ पीपे इधर-उधर से मंगवाकर चन्द्रावल नदी में पुल बनाया गया। गांव के लोगों के प्रयास से इस नदी में छह घंटे के अंदर पीपे का पुल बनकर तैयार हो गया। अब इस पुल से मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा एवं टैम्पो आसानी से नदी के इस पार से उस पार जा सकते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि नदी से निकलने के लिए अस्थायी तौर पर पीपे का पुल तो बन गया है लेकिन इससे भारी वाहनों के निकलने पर रोक लगाई गई है। चन्द्रावल नदी में एक दर्जन पाइप और तीन बड़े पीपे लगाकर ग्रामीणों की मदद से पुल बनाया गया है जिससे मोटरसाइकिलें और हल्के वाहन ही गुजर सकते हैं। गांव के सरपंच ने बताया कि बोलेरो और अन्य भारी वाहनों के लिए इस पुल से निकलने पर रोक लगाई गई है। फिलहाल कुछ समय तक यह पुल गांव के लोगों के लिए लाइफ लाइन साबित होगा लेकिन बारिश के मौसम में यह नदी उफनाने से गांव टापू बन जाते हैं।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular