-आठ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होगा सामुदायिक केंद्र
मऊ( हि. स)। अपने गृह जनपद में पहुंचने के बाद प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद मऊ के अंतर्गत बड़ागांव में लगभग आठ करोड रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र कल्याण मंडप के निर्माण कार्य की पूजा अर्चना करके शिलान्यास किया। इस दौरान जिले के आला अधिकारी मौके पर तैनात दिखे।
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि प्रदेश के नगरीय निकायों के विस्तारीकरण एवं नव सृजन की प्रक्रिया तेज हुई है और लोगों को फायदा भी मिला है। अब तक 241 नगरीय निकायों का विस्तारीकरण और नवसृजन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। एके शर्मा ने बताया कि नगर निगम के विस्तार और नवसृजन के विकास कार्य कराने के लिए 600 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है और जल्दी ही इन निकायों में विकास की गंगा बहेगी आने वाले समय में बिना किसी भेदभाव के सभी को सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
वेद नारायण
