बांदा (हि.स.)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नगर पालिका परिषद के चेयरमैन मोहन साहू को बर्खास्त कर दिया है। आदेश की कॉपी जिला अधिकारी को सचिव द्वारा प्रेषित की गई है। साहू पर अपने कर्तव्यों का ठीक ढंग से निर्वहन नहीं करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया में साहू ने सोशल मीडिया के जरिए कहा है कि एक बार फिर बेईमानी से कंस ने श्री कृष्ण को हराया है, फिर हाई कोर्ट जाऊंगा।
नगर पालिका चेयरमैन साहू और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के बीच काफी अरसे से राजनीतिक शीतयुद्ध चल रहा है। अभी चार दिन पहले ही मोहन साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि विधायक द्विवेदी उन्हें अपदस्थ करने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र रच रहे हैं। साहू ने कहा था, मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। अगर मेरे ऊपर कोई वित्तीय अनियमितताएं साबित हो जाएं तो मैं जेल जाने को तैयार हूं। इस बीच सोमवार को राज्यपाल ने उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन न करने के आरोप में निकाय चुनाव के पहले बर्खास्त कर दिया।
इसके पहले भी विधायक द्विवेदी की शिकायत पर चेयरमैन साहू के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए गए थे। उन पर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे थे। शासन के आदेश को साहू ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। उनके अधिकार हाई कोर्ट ने बहाल कर दिए गए थे।
अनिल
