लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी की ज्यादातर सड़कों के गड्ढ़ायुक्त होने की सूचनाओं के बीच नगर निगम मुख्यालय से लालबाग मार्ग पर गड्ढ़ों को भर दिया गया है। नावेल्टी सिनेमा हॉल के सामने बड़े गड्ढ़ों पर पिच बना देखकर लोगों ने बेहद खुशी हाजिर की और इसके लिए मंत्री, अधिकारियों को धन्यवाद किया।
बीते छह माह से लगातार भाजपा के प्रदेश कार्यालय से लालबाग की ओर जाने वाले मार्ग पर गड्ढ़ों की शिकायतें सामने आ रही थी। गड्ढ़ायुक्त मार्ग को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी दिखलायी पड़ी। अभी भाजपा कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर मौजूद नगर निगम के मुख्यालय से नावेल्टी सिनेमा हॉल तक की सड़कों के गड्ढ़े भर दिये गये। इसके साथ ही नावेल्टी से हजरतगंज थाने की ओर जाने वाले मार्ग, नावेल्टी से लालबाग चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग और नावेल्टी से दारुलशफा की ओर के मार्ग के भी गड्ढ़ों को भर दिया गया है।
मंगलवार को प्रमुख मार्ग पर गड्ढ़ों को भरा देखकर लोगों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस दौरान अरशद, सुजीत जैसे दुकानदारों ने कहा कि कोविड के वक्त से सड़कें खराब पड़ी थी। अभी कल तक सड़क पर गड्ढ़े थे, जो देर रात नगर निगम प्रशासन ने भर दिया हैं, जिसके लिए अधिकारियों को धन्यवाद है। शहर में कुछ सड़कें अभी भी खराब स्थिति में हैं, गड्ढ़े वाली हैं उनके भी मरम्मत की आवश्यकता है।
शरद
