Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेश नगर निगमों को भी बनाएं आत्मनिर्भर : मुख्यमंत्री योगी

 नगर निगमों को भी बनाएं आत्मनिर्भर : मुख्यमंत्री योगी

– अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री ने की नव निर्वाचित छह मेयरों से मुलाकात

– मुख्यमंत्री ने सभी विजयी महापौरों को दी बधाई और बेहतर काम करने के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव

अपडेट

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हाल ही में संपन्न हुए उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनावों में नव निर्वाचित नगर निगम मेयरों से अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी मेयरों को विजय पर बधाई और शुभकामनाएं देने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के विजन यानी ‘आत्मनिर्भर भारत’ की तर्ज पर अपने-अपने नगर निगमों को भी आत्मनिर्भर बनाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री योगी ने नगर निगमों की आय बढ़ाने से लेकर क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के समर्थन के साथ सभी मेयरों को नगर निगमों की एक सकारात्मक छवि बनाने को कहा।

कुछ नया करने का दिया सुझाव

नगर निगमों में चुनाव जीतकर आए भाजपा के छह मेयर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात करने उनके सरकारी आवास पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने सभी मेयरों को ‘कुछ अच्छा’ और ‘कुछ नया’ करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण के प्रति सक्रिय और सजग रहने को भी कहा। मेयरों को अंडरग्राउंड केबलिंग के कार्य को प्राथमिकता पर रखने के साथ ही कूड़ा प्रबंधन में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट को भी तरजीह देने की बात की। इसके अलावा नगरीय इलाकों में आवारा कुत्तों की समस्याओं के निराकरण को भी प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए।

विभिन्न माध्यमों से बढ़ाएं नगर निगम की आय

मुलाकात में मुख्यमंत्री योगी ने नगर निगमों की आय को बढ़ाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की चर्चा को प्रमुखता से रखा। उन्होंने नगर निगम के टैक्सेशन में सुधार समेत आय के अन्य साधनों पर जोर देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि टैक्सेशन के लिए आम नागरिकों को सुविधाएं प्रदान की जाएं, ताकि वे सरलता से अपने टैक्स जमा कर सकें। कहीं ऐसी कोई समस्या न आने पाए कि डिफॉल्ट की स्थिति उत्पन्न हो। लोगों को टैक्स जमा करने के प्रति जागरूक किया जाए। ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान की जाएं। मुख्यमंत्री ने मेयरों को जनप्रतिनिधियों के संपर्क में रहने और उनके साथ तालमेल बनाकर काम करने के लिए भी कहा है।

समस्याओं के निदान पर भी दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी ने ऐसी समस्याओं के निदान पर भी जोर दिया, जो सभी नगर निगमों में एक जैसी हैं। इनमें सड़क पर जलभराव की स्थिति को सुधारने, नाला सफाई और स्वच्छता समेत अन्य अहम समस्याएं शामिल रहीं। अवैध टैक्सी स्टैंड को लेकर भी उनकी चिंता दिखी। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में अवैध टैक्सी स्टैंड को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्यवाही की जाएं। इन अवैध टैक्सी स्टैंड के अल्टरनेटिव पर भी काम किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी बड़े चौराहों पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए थे, जहां अभी ये कार्य न हुआ हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर इसके क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले मेयरों में मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल, वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी, कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय, बरेली के मेयर उमेश गौतम, फिरोजाबाद की मेयर कामिनी राठौर और सहारनपुर के मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह शामिल रहे।

दिलीप/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular