Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनगर निकाय चुनाव में वार्डो के आरक्षण को लेकर कांग्रेस हमलावर,मनमानी का...

नगर निकाय चुनाव में वार्डो के आरक्षण को लेकर कांग्रेस हमलावर,मनमानी का आरोप

आरक्षण सूची सत्ता के इशारे पर तैयार की गई: राघवेंद्र चौबे

वाराणसी (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव में वार्डों के आरक्षण को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के स्थानीय महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि नगर निकाय की सूची को सत्ता के इशारे पर तैयार किया गया है। जिन वार्डों में भाजपा कमजोर है, उन जगहों पर खासकर मनमानी हुई है। भाजपा पूर्ण रूप से लोकतंत्र व संविधान के खिलाफ कार्य कर रही है। इस पार्टी को चुनाव में भी विश्वास नहीं है । सिर्फ और सिर्फ सत्ता का दुरुपयोग कर कैसे कुर्सी पाना भाजपा की प्राथमिकता है । महानगर अध्यक्ष ने कहा कि वाराणसी नगर निगम में पहला ऐसा वाक़्या हुआ है कि मनमाने तरीके से आरक्षण सूची बनाई गई है । क्षेत्रों में बदलाव हुआ है। भाजपा का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रशासन एजेंट के रूप में कार्य कर रही है।

विधानसभावार जिम्मेदारी दी गई

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि नगर निगम चुनाव में आवेदन के संदर्भ में प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय की संस्तुति पर प्रत्याशियों को आवेदन पत्र वितरण व आवेदक जमा करने के लिए विधानसभावार जिम्मेदारी दी गई है,जिसमें उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के वार्डों का आवेदन महानगर उपाध्यक्ष फसाहत हुसैन बाबू,दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के वार्डों के आवेदन के लिए महानगर उपाध्याय डॉ. राजेश गुप्ता,कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्डों के आवेदन के लिए महानगर उपाध्यक्ष आनंद सिंह व नए जुड़े वार्डों के आवेदन के लिए जिला सचिव गोपाल पटेल को जिम्मेदारी दी गई है। जिन पदाधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी गई है। वह मैदागिन स्थित महानगर कांग्रेस के कार्यालय पर आवेदन पत्र देंगे और जमा करेंगे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular